दूसरी शादी कर पहले पति से गुजारा भत्ता लेने का आरोप, महिला और दूसरे पति पर केस
कोईरौना। कोईरौना थाना पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर एक महिला और उसके दूसरे पति के खिलाफ धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि महिला ने दूसरी शादी करने और गर्भवती होने की जानकारी छिपाकर अपने पहले पति से गुजारा भत्ता लिया।
चंदापुर निवासी अनिल कुमार यादव (28) ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कुछ वर्ष पहले उसकी शादी शिवानी यादव (27) से हुई थी। शादी के बाद दोनों के बीच संबंध ठीक नहीं रहे। अनिल ने तलाक के लिए न्यायालय में मुकदमा दाखिल किया है, जो अभी विचाराधीन है।
अनिल का आरोप है कि गुजारा भत्ता हासिल करने के लिए शिवानी ने उसके खिलाफ दहेज उत्पीड़न सहित अन्य आरोपों में मुकदमे दर्ज कराए और न्यायालय में गलत बयान व शपथपत्र प्रस्तुत किए। शिकायत के अनुसार, इसी दौरान शिवानी ने प्रयागराज की पत्रकार कॉलोनी निवासी प्रदीप (25) से दूसरी शादी कर ली।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि शिवानी वर्तमान में प्रयागराज में ब्यूटी पार्लर चला रही है और गर्भवती भी है। इन तथ्यों की जानकारी छिपाकर वह पहले पति से गुजारा भत्ता ले रही है।
शिकायत में शिवानी पर पूर्व में एक सप्लाई इंस्पेक्टर को ब्लैकमेल करने का आरोप भी लगाया गया है। शिकायतकर्ता के अनुसार, इस मामले में इंस्पेक्टर ने आत्महत्या कर ली थी और शिवानी के खिलाफ भदोही-ज्ञानपुर न्यायालय में मुकदमा विचाराधीन है। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया से होना बाकी है।
थानाध्यक्ष मनीष द्विवेदी ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर शिवानी और उसके दूसरे पति प्रदीप के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।
