अघोषित बिजली कटौती पर बिफरे ग्रामीण, प्रदर्शन कर जताया विरोध
अभोली। स्थानीय पावर स्टेशन से जुड़े गांवों में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती से नाराज ग्रामीणों ने रविवार को प्रदर्शन कर विरोध जताया। ग्रामीणों का आरोप है कि दिन-रात मिलाकर महज तीन से चार घंटे ही बिजली आपूर्ति हो पा रही है। बार-बार ट्रिपिंग की समस्या से भी लोगों की परेशानी बढ़ गई है।
ग्रामीणों के अनुसार, स्थानीय पावर स्टेशन से रामनगर, अभोली समेत तीन फीडरों के माध्यम से क्षेत्र के गांवों में बिजली आपूर्ति की जाती है। इन सभी फीडरों पर करीब 16 से 18 घंटे तक बिजली कटौती हो रही है। इससे उमस भरी गर्मी में लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि बिजली संकट का असर किसानों पर भी पड़ रहा है। धान की फसल की सिंचाई के लिए किसानों को बिजली की जरूरत है, लेकिन पर्याप्त आपूर्ति नहीं होने से वे परेशान हैं। ग्रामीणों ने बिजली विभाग की व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए कहा कि जब बिजली ही नहीं मिल रही है तो बिल किस बात का जमा करें।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार करने और अघोषित कटौती पर रोक लगाने की मांग की। प्रदर्शन में राकेश पांडेय, हरीश, त्रिलोकी मिश्रा, मंगला प्रसाद यादव, सीताराम यादव समेत कई ग्रामीण शामिल रहे।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।






