थानाध्यक्षों के फर्जी हस्ताक्षर से जमानत के लिए बनाता था कूटरचित दस्तावेज, आरोपी गिरफ्तार
सुरियावां। थानाध्यक्षों के नाम और हस्ताक्षर का इस्तेमाल कर जमानत के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार करने के मामले में ज्ञानपुर कोतवाली पुलिस ने रविवार को एक आरोपी को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपी की पहचान सुरियावां कोतवाली क्षेत्र के छतमा गांव निवासी ओमप्रकाश मिश्रा के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट और जालसाजी सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज था।
प्रभारी निरीक्षक रामसरीख गौतम ने बताया कि ऊंज पुलिस ने वर्ष 2024 में ओमप्रकाश मिश्रा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। आरोप था कि वह अलग-अलग मामलों में आरोपियों और उनके अधिवक्ताओं को अदालत से जमानत दिलाने के उद्देश्य से कूटरचित दस्तावेज तैयार करता था।
आरोपी पर थाना ज्ञानपुर, सुरियावां और गोपीगंज के थानाध्यक्षों व प्रभारियों के नाम और फर्जी हस्ताक्षर के साथ पुलिस की नकली मुहरों का इस्तेमाल करने का आरोप था। इन फर्जी दस्तावेजों को जमानत प्रक्रिया में इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई थी। मामले में पुलिस ने उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की थी।
रविवार को ज्ञानपुर कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को उसके गांव छतमा के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह पुलिस और न्यायालय को धोखा देने के लिए थानों की फर्जी मुहरें और अधिकारियों के जाली हस्ताक्षर तैयार करता था।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।







