जौनपुर में रॉड से पीट-पीटकर युवक की हत्या, शव सड़क पर रख परिजनों ने लगाया जाम
जौनपुर। जिले के लाइन बाजार थाना क्षेत्र के रामदयालगंज बाजार में शुक्रवार सुबह 22 वर्षीय युवक विशाल यादव की रॉड और सरिया से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद इलाके में तनाव फैल गया। आक्रोशित परिजनों ने युवक का शव सड़क पर रखकर जौनपुर-मड़ियाहूं मार्ग पर जाम लगा दिया। इससे मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
घटना की सूचना मिलते ही एएसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव और एएसपी ग्रामीण आतिश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस फोर्स के साथ स्वाट और सर्विलांस टीम को भी तैनात किया गया है।
पुरानी रंजिश में हत्या का आरोप
ग्रामीणों के अनुसार, विशाल यादव की हत्या पुरानी रंजिश को लेकर की गई है। आरोप है कि हमलावरों ने युवक को घेर लिया और सरिया व रॉड से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल विशाल की मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद मौके पर पहुंचे लोगों में पुलिस के प्रति भी आक्रोश देखने को मिला। जाम और हंगामे की सूचना पर लाइन बाजार थाने की पुलिस के अलावा आसपास के थानों से भी अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया।
दो आरोपी हिरासत में, एक की तलाश
पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को बताया कि घटना में शामिल दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाकर जाम समाप्त कराने का प्रयास किया। हालांकि, परिजन आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर काफी आक्रोशित रहे।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है और अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले में तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।





