24 घंटे में 32 मिमी बारिश, दो कच्चे मकान गिरे; ग्रामीण इलाकों में जलभराव

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

24 घंटे में 32 मिमी बारिश, दो कच्चे मकान गिरे; ग्रामीण इलाकों में जलभराव और कीचड़ से बढ़ी परेशानी

ज्ञानपुर। जिले में बृहस्पतिवार को मौसम का मिजाज बदलने से उमस भरी गर्मी से लोगों को काफी राहत मिली। रात और दिन में रुक-रुककर हुई बारिश के कारण दो कच्चे मकान धराशायी हो गए। वहीं ग्रामीण इलाकों की सड़कें कीचड़ से सन गईं और बाजारों की पटरियों पर जलभराव हो गया। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे में जिले में 32 मिमी बारिश दर्ज की गई है।

हवा की दिशा बदलते ही बदला मौसम

जिले में बीते कई दिनों से मौसम साफ था। हालांकि, बीच-बीच में कुछ देर के लिए बूंदाबांदी या बारिश हो रही थी। बुधवार को करीब तीन बजे हवा की दिशा में बदलाव हुआ और पछुआ की जगह पुरवा हवा चलने लगी। इसके बाद आसमान में काले बादल मंडराने लगे।

शाम करीब छह बजे लगभग 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं के बीच बारिश शुरू हुई। इसके बाद करीब 45 मिनट से अधिक समय तक जिले के कई हिस्सों में बारिश हुई। बृहस्पतिवार को भी मौसम में बदलाव का असर बना रहा और रात में कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई।

कई इलाकों में बारिश, कच्चे मकान गिरे

बारिश ज्ञानपुर, दुर्गागंज, अभोली, सुरियावां, मुख्यालय, भदोही और औराई सहित कई स्थानों पर हुई। इस दौरान ऊंज क्षेत्र के कुरमैचा गांव निवासी विजय कुमार उर्फ पामू दलित का रिहायशी कच्चा मकान रात में हुई बारिश के कारण गिर गया। इसके अलावा जिले में एक अन्य कच्चे मकान के धराशायी होने की भी जानकारी है।

बारिश के बाद ग्रामीण इलाकों के रास्तों पर कीचड़ फैल गया। वहीं ग्रामीण बाजारों की पटरियों पर पानी भरने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।

दो-तीन दिन बारिश की संभावना

कृषि विभाग केंद्र बेजवां के प्रभारी डॉ. अजय कुमार ने बताया कि आगामी दो-तीन दिनों तक जिले में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। हवाओं की दिशा में बदलाव के कारण बारिश का मौसम बना रह सकता है।

Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

और पढ़ें

Read More Articles