जिला स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में ज्ञानपुर जोन का दबदबा, कर्मा देवी की टीमों ने कई वर्गों में मारी बाजी
सीतामढ़ी। श्री नारायण इंटर कॉलेज धनतुलसी में सोमवार को जिला स्तरीय माध्यमिक वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों में जिले की कई टीमों ने प्रतिभाग किया। खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन के लिए मैदान पर जमकर पसीना बहाया और रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।
अंडर-14 बालक वर्ग में कुल छह टीमों ने हिस्सा लिया। इसमें ज्ञानपुर जोन की कर्मा देवी बनवारी लाल इंटर कॉलेज की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 15-12 के अंतर से जीत दर्ज की। वहीं, अंडर-14 बालिका वर्ग में भी कर्मा देवी की टीम विजेता रही। टीम ने यूपीएस कोनिया को 25-22 से हराया।
अंडर-17 बालक वर्ग में चार टीमों के बीच मुकाबला हुआ। इसमें कर्मा देवी की टीम ने श्री नारायण इंटर कॉलेज की टीम को 21-18 से पराजित किया। अंडर-17 बालिका वर्ग में भी कर्मा देवी की टीम ने 15-8 से जीत हासिल कर अपना दबदबा कायम रखा।
अंडर-19 बालक वर्ग में छह टीमों ने प्रतिभाग किया। इस वर्ग में श्री नारायण इंटर कॉलेज की टीम ने कर्मा देवी की टीम को 15-13 से हराकर मुकाबला अपने नाम किया। वहीं, अंडर-19 बालिका वर्ग में कर्मा देवी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजकों और मौजूद अतिथियों ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें आगे भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर डॉ. सुभाष चंद्र यादव, चंद्रबली पटेल, राजेश सिंह, विनोद कुमार, हरिश्चंद्र समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।




