भदोही में जाम का कहर: स्टेशन रोड पर घंटों फंसे वाहन, लिप्पन तिराहा बना परेशानी का सबब

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जाम की समस्या का समाधान नहीं, स्टेशन रोड पर घंटे फंसे रहे वाहन

भदोही। नगर के प्रमुख मार्ग सोमवार को भीषण जाम की चपेट में रहे। स्कूल खुलने और छुट्टी होने के समय स्थिति और गंभीर हो गई। स्टेशन रोड, लिप्पन तिराहा, तकिया कल्लन शाह और अहमदगंज फ्लाईओवर पर दिनभर वाहन रेंगते नजर आए। सबसे अधिक परेशानी सुबह करीब 11:30 बजे से दोपहर डेढ़ बजे तक रही।

लिप्पन तिराहे पर जाम नियंत्रित करने के लिए यातायात और सिविल पुलिस के करीब आधा दर्जन जवान तैनात रहे। पुलिसकर्मी लगातार वाहनों को व्यवस्थित करने में जुटे रहे। स्कूली वाहनों का दबाव कम होने के बाद ही लोगों को कुछ राहत मिल सकी।

लिप्पन तिराहे पर रोजाना लग रहा जाम

भदोही शहर के लिप्पन तिराहे पर जाम की समस्या कोई नई नहीं है। रास्ता संकरा होने के कारण यहां आए दिन वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से अब इसका असर आसपास के प्रमुख मार्गों पर भी दिखाई देने लगा है।

लिप्पन तिराहे से फ्लाईओवर, नगर पालिका तिराहा, तकिया कल्लन शाह और स्टेशन रोड की ओर जाने वाले रास्तों पर जाम लगना आम हो गया है। रविवार की साप्ताहिक बंदी के बाद सोमवार को स्कूल खुलने और छुट्टी के समय वाहनों का दबाव बढ़ने से स्थिति और बिगड़ गई।

स्टेशन रोड पर लगी वाहनों की लंबी कतार

सोमवार को स्टेशन रोड पर भदोही गर्ल्स इंटर कॉलेज तक वाहनों की लंबी कतार लगी रही। लिप्पन तिराहे की ओर जाने वाले वाहन रास्ते में फंसते चले गए। करीब 11:30 बजे से जाम की स्थिति बनी रही। बीच-बीच में थोड़ी राहत मिली, लेकिन कुछ ही देर बाद दोबारा वाहनों की कतार लग गई।

दोपहर करीब डेढ़ बजे तक यही स्थिति बनी रही। जाम में सबसे अधिक परेशानी कार और बाइक सवारों को उठानी पड़ी। स्कूली वाहनों और अन्य निजी वाहनों की संख्या बढ़ने से यातायात व्यवस्था प्रभावित रही।

स्थायी समाधान की जरूरत

स्थानीय लोगों का कहना है कि लिप्पन तिराहे पर रोजाना लगने वाले जाम से निजात के लिए स्थायी व्यवस्था की जरूरत है। प्रतिदिन पुलिसकर्मी जाम खुलवाने में जुटते हैं, लेकिन कुछ समय बाद स्थिति फिर जस की तस हो जाती है।

इस संबंध में सीओ भदोही सुमित त्रिपाठी ने कहा कि लिप्पन तिराहे पर जाम की समस्या को लेकर पुलिस प्रशासन गंभीर है। व्यापारियों के साथ बैठक कर आपसी विचार-विमर्श किया जाएगा और समस्या के समाधान का रास्ता निकालने का प्रयास किया जाएगा।

Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

और पढ़ें

Read More Articles