सौ शय्या अस्पताल में शुरू हुई किडनी और लिवर की जांच, मरीजों को मिली राहत
सरपतहां। सरपतहां स्थित सौ शय्या अस्पताल में किडनी और लिवर की जांच दोबारा शुरू हो गई है। जांच मशीन खराब होने के कारण पिछले तीन दिनों से मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अब मशीन दुरुस्त होने के बाद अस्पताल की लैब में जांच शुरू हो गई है, जिससे मरीजों ने राहत की सांस ली है। उन्हें अब जांच के लिए निजी लैब का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।
दरअसल, अस्पताल में जांच मशीन खराब होने के कारण किडनी की जांच प्रभावित हो गई थी। इस समस्या को लेकर बृहस्पतिवार के अंक में ‘सौ शय्या अस्पताल में तीन दिन से जांच मशीन खराब, किडनी की जांच ठप’ शीर्षक से खबर प्रकाशित की गई थी। खबर प्रकाशित होने के बाद अस्पताल प्रशासन सक्रिय हुआ और तत्काल मैकेनिक को बुलाकर मशीन को दुरुस्त कराया गया।
बताया गया कि मशीन में विद्युत करंट पहुंच रहा था, लेकिन उसका फंक्शन शुरू नहीं हो रहा था। इस संबंध में अस्पताल प्रशासन की ओर से इंजीनियर को सूचना दी गई थी। इंजीनियर के आने में हो रही देरी के बाद खबर प्रकाशित होने पर उन्हें अस्पताल बुलाया गया और मशीन को तत्काल ठीक कराया गया।
सौ शय्या अस्पताल में प्रतिदिन करीब 450 से 500 मरीजों की ओपीडी होती है। इनमें लगभग 100 मरीजों की विभिन्न जांचें अस्पताल की लैब में की जाती हैं। किडनी की जांच बंद होने से मरीजों को बिना जांच कराए वापस लौटना पड़ रहा था। अब मशीन ठीक होने के बाद किडनी और लिवर समेत आवश्यक जांचें अस्पताल में ही हो रही हैं।
अस्पताल के सीएमएस डॉ. सुनील कुमार पासवान ने बताया कि जांच मशीन खराब हो गई थी। उसे तत्काल दुरुस्त करा दिया गया है। अब अस्पताल की लैब में सभी जांचें सुचारु रूप से की जा रही हैं।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।



