बेहफईया मेले में उमड़ी भीड़, खिलौनों और गृहस्थी के सामान की खूब हुई खरीदारी
सुरियावां। भाईचारे और लोक परंपरा का प्रतीक सुरियावां नगर का ऐतिहासिक बेहफईया मेला बृहस्पतिवार को सकुशल संपन्न हो गया। साहुआईन तालाब के तट पर हजरत शहीद बाबा के उर्स के अवसर पर आयोजित मेले में अकीदतमंदों के साथ बड़ी संख्या में नगरवासी और आसपास के ग्रामीण पहुंचे। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस टीम पूरे मेले में लगातार गश्त करती रही।
मेले में बच्चों ने खिलौनों की जमकर खरीदारी की और विभिन्न प्रकार के झूलों का आनंद लिया। महिलाओं ने गृहस्थी से जुड़े सामान खरीदे, जबकि किशोर-किशोरियों ने चाट, पकौड़े, जलेबी समेत विभिन्न व्यंजनों का स्वाद लिया। मौसम साफ रहने से दुकानदारों में भी खासा उत्साह देखने को मिला।
हजरत शहीद बाबा के आस्ताने पर अकीदतमंदों ने चादरपोशी कर मन्नतें मांगीं। अटल चौराहा से गल्लामंडी, लाई बाजार होते हुए साहुआईन तालाब तक मेले में लोगों की भीड़ बनी रही। मेले में खिलौने, घरेलू सामान, झूले, चाट-पकौड़े, जलेबी और अन्य खाद्य पदार्थों की दुकानें आकर्षण का केंद्र रहीं।
सुरक्षा व्यवस्था के लिए मेले में कंट्रोल रूम बनाया गया था। पुलिसकर्मी लगातार प्रमुख स्थानों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में गश्त करते रहे। किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली और मेला शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
देर रात तक चला बिरहा मुकाबला
रात में पारंपरिक लोककला और संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए बिरहा मुकाबले समेत कई सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। देर रात तक चले कार्यक्रमों में लोगों ने लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों का आनंद लिया।
भोरी-महजूदा गांव के ऐतिहासिक कजरी मेले के बाद पड़ने वाले बृहस्पतिवार को बेहफईया मेला आयोजित किया जाता है। दशकों पुराना यह मेला सुरियावां की गंगा-जमुनी तहजीब, आपसी भाईचारे और लोक परंपरा की मिसाल माना जाता है।
व्यापार मंडल की ओर से आयोजित मंच पर मुख्य अतिथि ज्ञानपुर चेयरमैन घनश्याम गुप्ता के साथ प्रकाश त्रिपाठी, जटा शंकर मौर्य, शेषधर गुप्ता, अवधेश कुमार उमर वैश्य, नंदलाल गुप्ता, अश्वनी साहू, रवि जायसवाल, मानस जायसवाल, लोकेश सेठ, मो. इजराइल, अब्दुल रऊफ हाशमी, रामराज विश्वकर्मा, सूरजभान, डॉ. धर्मेंद्र प्रजापति, मुकेश, सुरेश, मदन समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

