भदोही। निर्माणाधीन भदोही-ज्ञानपुर मार्ग पर बुधवार सुबह घरांव के समीप सड़क धंसने से गेहूं लदा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद निर्माणाधीन सड़क की गुणवत्ता और मानकों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की जांच कराने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार ज्ञानपुर से भदोही तक करीब 14 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण लगभग छह महीने से चल रहा है। करीब 34 करोड़ 41 लाख रुपये की लागत से तैयार हो रही इस सड़क का लगभग 70 से 80 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। अभी सड़क पर एक-दो लेयर का काम बाकी है।
बुधवार सुबह गेहूं लदा ट्रक भदोही की ओर जा रहा था। घरांव के समीप पहुंचते ही अचानक ट्रक का पहिया सड़क में धंस गया। इससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रक पलट गया। हादसे में किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।
निर्माण की गुणवत्ता पर उठे सवाल
निर्माण पूरा होने से पहले ही सड़क धंसने की घटना के बाद ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में निर्धारित मानकों का पर्याप्त ध्यान नहीं रखा गया, जिसके कारण सड़क पहले ही धंसने लगी है। उन्होंने पूरे निर्माण कार्य की जांच कराने की मांग की है।
बताया गया कि जल निगम की पाइपलाइन हटाने और बाद में तारकोल की कमी के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हुआ था। बारिश के चलते फिलहाल निर्माण कार्य भी आगे नहीं बढ़ पा रहा है।
बारिश से प्रभावित हो रही सड़क: अधिशासी अभियंता
इस संबंध में अधिशासी अभियंता संदीप सरोज ने बताया कि बारिश के कारण सड़क प्रभावित हो रही है। अभी निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि जहां भी कमियां सामने आएंगी, उन्हें दुरुस्त कराया जाएगा।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।



