रक्षाबंधन पर बहनों को बड़ी राहत, तीन दिन रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा; एक सहयोगी भी साथ
मिर्जापुर। रक्षाबंधन के पर्व पर भाई को राखी बांधने के लिए घर से निकलने वाली बहनों के लिए रोडवेज ने बड़ी राहत दी है। 27 अगस्त की सुबह छह बजे से 29 अगस्त की रात 12 बजे तक बहनें रोडवेज की बसों में एक सहयोगी के साथ नि:शुल्क यात्रा कर सकेंगी। इस दौरान बहनें भाई के घर जाकर राखी बांधने के बाद बस से वापस अपने घर भी लौट सकेंगी।
रोडवेज डिपो प्रभारी विशाल श्रीवास्तव ने बताया कि नि:शुल्क यात्रा की सुविधा प्रदेशभर की रोडवेज बसों में उपलब्ध रहेगी। मिर्जापुर रोडवेज डिपो से वर्तमान में करीब 95 बसों का संचालन हो रहा है। इन बसों से बहनें भदोही, सोनभद्र, वाराणसी, जौनपुर और प्रयागराज समेत पूर्वांचल के विभिन्न जिलों की यात्रा कर सकेंगी।
इसके अलावा लखनऊ, कानपुर, फर्रुखाबाद और गोरखपुर जैसे लंबी दूरी के शहरों के लिए चलने वाली बसों में भी महिलाओं को यह सुविधा मिलेगी। मिर्जापुर डिपो से जिस भी मार्ग पर बस संचालित होगी, उस मार्ग पर यात्रा करने वाली बहनों को निर्धारित अवधि में किराया नहीं देना होगा।
रोडवेज की इस व्यवस्था से रक्षाबंधन पर अपने भाइयों के घर जाने वाली महिलाओं को यात्रा खर्च की चिंता नहीं करनी पड़ेगी। तीन दिनों तक चलने वाली यह सुविधा त्योहार के दौरान महिलाओं के लिए काफी उपयोगी साबित होगी।
60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को आजीवन मुफ्त यात्रा
रोडवेज अधिकारियों के अनुसार 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाएं अब रोडवेज बसों में आजीवन नि:शुल्क यात्रा की सुविधा का लाभ उठा सकती हैं। इससे बुजुर्ग महिलाओं को भी प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में आवागमन में राहत मिलेगी।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।
