तीरंदाजी में भदोही के धनुर्धरों का जलवा, दो स्वर्ण सहित चार पदक जीते
ज्ञानपुर। सोनभद्र के राबर्ट्सगंज में आयोजित राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में भदोही जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण और दो कांस्य पदक समेत कुल चार पदक हासिल किए। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से जिले के खेल प्रेमियों और विद्यालयों में खुशी का माहौल है।
प्रतियोगिता के टीम गेम्स में उच्च प्राथमिक विद्यालय कंसापुर के उत्कर्ष यादव और विभूति नारायण इंटर कॉलेज ज्ञानपुर के गौरव ने बेहतरीन निशाना साधते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। दोनों खिलाड़ियों ने टीम स्पर्धा में अपने प्रदर्शन से जिले का नाम रोशन किया।
वहीं इंद्रावती इंटर कॉलेज गिरधरपुर की वसुधा गुप्ता ने 17 वर्षीय बालिका वर्ग के कंपाउंड राउंड में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीता। वीएनजीआईसी ज्ञानपुर के प्रखर यादव ने भी कंपाउंड राउंड के एकल वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ चयन
प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाले वसुधा गुप्ता और प्रखर यादव के लिए एक और बड़ी उपलब्धि सामने आई है। दोनों खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय विद्यालयीय तीरंदाजी प्रतियोगिता के लिए किया गया है। अब दोनों खिलाड़ी महाराष्ट्र के अमरावती में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
प्रशिक्षक अशोक कुमार गुप्ता ने बताया कि खिलाड़ियों ने नियमित अभ्यास और कड़ी मेहनत के दम पर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन किया है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी दोनों खिलाड़ियों से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है।
अधिकारियों ने दी बधाई
जिले के खिलाड़ियों की सफलता पर बीएसए शिवम पांडेय, खंड शिक्षा अधिकारी ज्ञानपुर रमाकांत सिंह सिंगरौल, जिला व्यायाम शिक्षक मनोज उपाध्याय, कोच वैभव दीक्षित, अनुराधा जायसवाल, गायत्री और नीलम ने खुशी जताई। सभी ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दीं।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में मिली इस सफलता को जिले में तीरंदाजी के बढ़ते स्तर और खिलाड़ियों की मेहनत का परिणाम माना जा रहा है।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।