गोपीगंज में बिजली विभाग की बड़ी कार्रवाई, 562 कनेक्शनों की जांच; 24 की बिजली काटी
गोपीगंज। बिजली चोरी पर अंकुश लगाने और बकाया राजस्व की वसूली के लिए विद्युत निगम ने गोपीगंज नगर में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। बृहस्पतिवार को विभाग की सात टीमों ने नगर के अलग-अलग मोहल्लों में घरों और प्रतिष्ठानों के विद्युत कनेक्शनों की जांच की। अभियान के दौरान 562 कनेक्शनों की जांच की गई और बकाया बिल जमा नहीं करने वाले 24 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काट दिए गए।
विद्युत विभाग की टीम ने मिर्जापुर रोड, काली देवी, सदर मोहाल, छोटा चौराहा, दुर्गा गली और गल्ला मंडी सहित कई क्षेत्रों में जांच की। अचानक हुई चेकिंग से बकाएदार उपभोक्ताओं में अफरा-तफरी की स्थिति रही। विभागीय अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से समय पर बिजली बिल जमा करने की अपील की।
सात लाख रुपये की राजस्व वसूली
अभियान के दौरान विभाग ने बकाया बिजली बिल के रूप में करीब सात लाख रुपये की राजस्व वसूली की। अधिकारियों के मुताबिक बकाया बिल की वसूली को लेकर आगे भी इसी तरह अभियान चलाया जाएगा। जिन उपभोक्ताओं पर लंबे समय से बिजली बिल बकाया है, उनके कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जा सकती है।
63 मीटर बदले, 21 उपभोक्ताओं का बढ़ाया भार
अवर अभियंता दीपक पांडेय और धीरज मिश्रा ने बताया कि चेकिंग के दौरान 63 उपभोक्ताओं के मीटर परिवर्तित किए गए। इसके अलावा विद्युत भार की जांच में 21 उपभोक्ताओं का भार बढ़ाया गया। अधिकारियों ने बताया कि जांच के दौरान अनियमितताओं को भी चिह्नित किया गया।
सात टीमों ने चलाया संयुक्त अभियान
अधिकारियों के अनुसार अभियान को प्रभावी बनाने के लिए सात अलग-अलग टीमों का गठन किया गया था। टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर विद्युत कनेक्शनों की जांच की। विभाग का उद्देश्य बकाया राजस्व की वसूली के साथ ही बिजली चोरी और अनियमित विद्युत उपयोग पर प्रभावी नियंत्रण करना है।
विद्युत निगम के अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे अपने बकाया बिजली बिल का समय से भुगतान करें। विभाग ने स्पष्ट किया कि बकाया जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।