मां की डांट से घर छोड़ निकला मासूम, 3 घंटे में पुलिस ने खोजा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भदोही:
जिले में एक बार फिर पुलिस की सतर्कता और मानवीय संवेदनशीलता का बेहतरीन उदाहरण देखने को मिला। थाना दुर्गागंज क्षेत्र के गढ़ौरा गांव निवासी 7 वर्षीय बालक मां की डांट से आहत होकर घर से निकल गया और भटकते-भटकते सुरियावां क्षेत्र के मतेथू तिराहा पहुंच गया।

परिजनों द्वारा खोजबीन के बावजूद जब बच्चे का कोई पता नहीं चला, तभी डायल 112 पर सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पीआरवी 6750 के पुलिसकर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे और बच्चे को सुरक्षित अपने संरक्षण में ले लिया।

पूछताछ के दौरान बच्चा काफी डरा हुआ था और उसने सिर्फ अपने गांव का नाम “गढ़ौरा” बताया। सीमित जानकारी के बावजूद पुलिस टीम ने सूझबूझ और सक्रियता दिखाते हुए आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाई और करीब 3 घंटे की कड़ी मेहनत के बाद बच्चे की पहचान सुनिश्चित की।

इसके बाद पुलिस ने परिजनों से संपर्क कर उन्हें मौके पर बुलाया और बालक को सकुशल उनकी मां के सुपुर्द कर दिया। अपने बच्चे को सुरक्षित पाकर परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू छलक उठे।

इस सराहनीय कार्य के लिए परिजनों ने भदोही पुलिस का आभार जताया। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन में की गई इस त्वरित कार्रवाई ने यह साबित कर दिया कि पुलिस न सिर्फ कानून व्यवस्था बनाए रखने में बल्कि आम जनता की सुरक्षा और मदद में भी पूरी तरह तत्पर है।

(समाज के लिए संदेश):
छोटे बच्चों को डांटते समय अभिभावकों को संयम बरतना चाहिए, क्योंकि कभी-कभी बच्चे भावनात्मक रूप से आहत होकर गलत कदम उठा सकते हैं।

Ashu Jha : Bharat Kranti News
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

Leave a Comment

और पढ़ें

Read More Articles