डाक विभाग ने युवा उद्यमी विश्वनाथ प्रताप सिंह के नाम से जारी किया विशेष डाक टिकट
भदोही। भारतीय डाक विभाग द्वारा जिले के युवा उद्यमी विश्वनाथ प्रताप सिंह के नाम से विशेष डाक टिकट जारी किया गया। इस गौरवपूर्ण अवसर पर उन्हें मुख्य डाकघर भदोही में आयोजित एक समारोह में सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में डाक विभाग भदोही के उप प्रभागीय निरीक्षक आनंद यादव ने श्री सिंह को सम्मान पत्र एवं विशेष डाक टिकट प्रदान किया। इस मौके पर डेवलपमेंट ऑफिसर सर्वेश पांडेय, हेमंत राय और संदीप विश्वकर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में विश्वनाथ प्रताप सिंह ने भारतीय डाक विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उनके लिए अत्यंत सौभाग्य और गर्व का विषय है कि उन्हें इस सम्मान के योग्य समझा गया। उन्होंने बताया कि वे जिले के एक सक्रिय युवा उद्यमी के रूप में सामाजिक कार्यों के साथ-साथ व्यापारिक क्षेत्र में भी निरंतर कार्य कर रहे हैं।
श्री सिंह भदोही जनपद में एमआरएफ टायर डीलर के मालिक हैं। इसके अतिरिक्त भदोही, जौनपुर तथा इलाहाबाद में उनके कई इलेक्ट्रिक वाहनों के शोरूम सफलतापूर्वक संचालित हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना और समाज के प्रति सकारात्मक एवं रचनात्मक योगदान देना है। यह सम्मान उन्हें समाज सेवा और युवा सशक्तिकरण के कार्यों को और गति देने के लिए प्रेरित करेगा।
यह उपलब्धि न केवल उनके लिए, बल्कि पूरे भदोही जनपद के लिए गर्व का विषय मानी जा रही है और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत सिद्ध होगी।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।
