कब्जा हटाने गई पुलिस टीम पर पथराव, छह हिरासत में
ज्ञानपुर/घोसिया (भदोही)। औराई कोतवाली क्षेत्र के बनवारीपुर गांव में गुरुवार को न्यायालय के आदेश पर कब्जा हटाने पहुंची राजस्व व पुलिस टीम को विरोध का सामना करना पड़ा। हालात बिगड़ने पर कुछ लोगों ने पथराव कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए छह लोगों को हिरासत में लिया।
गांव निवासी सुशील मिश्रा ने आरोप लगाया था कि उनकी जमीन पर गांव के कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर लिया है। इस संबंध में उन्होंने दीवानी न्यायालय ज्ञानपुर में मुकदमा दायर किया था। न्यायालय के साथ ही उच्च न्यायालय से भी संबंधित भूमि को कब्जा मुक्त कराने का आदेश जारी हुआ था।
जिलाधिकारी शैलेष कुमार के निर्देश पर गुरुवार को एसडीएम औराई के नेतृत्व में राजस्व टीम, पुलिस बल और पीएसी की मौजूदगी में कार्रवाई शुरू की गई। प्रशासनिक टीम बैकहो लोडर के साथ मौके पर पहुंची तो कब्जाधारियों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने विरोध शुरू कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले प्रशासन से तीखी नोकझोंक हुई। पुलिस द्वारा समझाने के बावजूद भीड़ उग्र हो गई और कुछ लोगों ने पुलिस टीम पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए उपद्रवियों को खदेड़ दिया और छह लोगों को हिरासत में ले लिया।
एसएचओ अश्विनी कुमार त्रिपाठी ने बताया कि शांति व्यवस्था भंग करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि दोबारा कोई विवाद न हो।
उपजिलाधिकारी ने बताया कि प्रशासन ने न्यायालय के आदेश का पालन कराते हुए जमीन को अतिक्रमण मुक्त करा दिया है। साथ ही पात्र चार लोगों को आवासीय पट्टा देकर उन्हें कब्जा भी दिलाया गया है। गांव में फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन एहतियातन पुलिस की निगरानी जारी है।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।
