पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद बढ़ सकती हैं धाराएं, पुलिस ने कहा—जांच जारी
गोपीगंज (भदोही):
चुड़िहारी मोहाल में जमीनी विवाद को लेकर हुई मारपीट के 14 दिन बाद घायल मो. नसीम (39) की मौत से क्षेत्र में तनाव का माहौल है। परिजनों ने आरोप लगाया कि हमलावरों की पिटाई से ही नसीम की हालत बिगड़ी थी और समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई, जिससे आरोपियों के हौसले बुलंद रहे।
मंगलवार को युवक की मौत की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में महिलाएं और परिजन गोपीगंज सीएचसी पहुंच गए और शव रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजन आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाया और उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर स्थिति को शांत कराया।
बताया जाता है कि घटना के दिन दोनों पक्षों में जमकर कहासुनी और पथराव हुआ था। स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ था, लेकिन नसीम की हालत लगातार नाजुक बनी हुई थी। पिछले कई दिनों से उसका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट होगा। यदि मारपीट से मौत की पुष्टि होती है तो मुकदमे में गंभीर धाराएं बढ़ाई जाएंगी।
प्रभारी निरीक्षक शैलेश राय ने बताया कि मामले में पहले ही प्राथमिकी दर्ज है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
क्षेत्र में एहतियातन पुलिस की नजर बनी हुई है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति न उत्पन्न हो।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

