सीएमओ की सख्ती: सात स्वास्थ्यकर्मियों का वेतन रोका

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सीएमओ ने सात स्वास्थ्यकर्मियों का वेतन रोका, मांगा स्पष्टीकरण

सीतामढ़ी। स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार को लेकर जिले में सख्ती बढ़ा दी गई है। इसी क्रम में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एसके चक ने सोमवार को डीघ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीन आंगनबाड़ी केंद्र केदारपुर और घनश्यामपुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान लापरवाही सामने आने पर सात स्वास्थ्यकर्मियों का वेतन रोक दिया गया और सभी से स्पष्टीकरण मांगा गया है।

सीएमओ सबसे पहले केदारपुर आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचे। वहां आयुष्मान भारत योजना के तहत कार्ड बनाने का कार्य चल रहा था, लेकिन ड्यूटी पर तैनात एएनएम अनिता देवी अनुपस्थित मिलीं। इस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार अधिकारियों की नियमित मॉनीटरिंग न होने से फील्ड स्तर पर ढिलाई बढ़ रही है, जिसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस मामले में एएनएम के साथ सीएचओ, बीसीपीएम, एमओआईसी सेमराध और एमएस डीघ का एक-एक दिन का वेतन रोकने का आदेश दिया गया।

इसके बाद सीएमओ घनश्यामपुर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। यहां भी आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे थे, लेकिन मॉनीटरिंग में एआरओ और एमओआईसी की लापरवाही की शिकायत मिली। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर दोनों अधिकारियों का भी एक-एक दिन का वेतन रोक दिया गया।

निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने रिकॉर्ड, उपस्थिति पंजिका और चल रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित प्रभारी अधिकारियों को निर्देश दिया कि आयुष्मान कार्ड निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए और लाभार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

सीएमओ डॉ. एसके चक ने स्पष्ट चेतावनी दी कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही या अनुपस्थिति पाए जाने पर आगे और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी स्वास्थ्यकर्मियों से समयबद्ध, पारदर्शी और जिम्मेदार तरीके से कार्य करने की अपेक्षा जताई।

Ashu Jha : Bharat Kranti News
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

Leave a Comment

और पढ़ें

Buzz4 Ai

Read More Articles