घोसिया में शहीद अग्निवीर धीरज गुप्ता के परिवार को मिला आवासीय भूमि प्रमाण पत्र
ज्ञानपुर/घोसिया। देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीद अग्निवीर धीरज गुप्ता के परिवार के प्रति प्रशासन ने संवेदनशील पहल करते हुए सोमवार को कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। जिलाधिकारी शैलेष कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक शहीद के आवास पर पहुंचे और उनकी तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। अधिकारियों ने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और शासन की ओर से हर संभव सहायता दिलाने का भरोसा दिया।
इस दौरान शहीद की मां जयदेवी को आवासीय भूमि आवंटन का प्रमाण पत्र सौंपा गया। अधिकारियों ने कहा कि शहीद के सम्मान को स्थायी स्वरूप देने के लिए उनके घर तक पक्के संपर्क मार्ग का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही गांव में खेल मैदान और शहीद पार्क विकसित कर उनका नामकरण स्व. धीरज गुप्ता के नाम पर किए जाने का प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा।
डीएम ने बताया कि परिवार की आजीविका सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कृषि भूमि का पट्टा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है। इसके अतिरिक्त शहीद के घर के पास सोलर हाई मास्ट लाइट के बेस निर्माण का कार्य भी प्रस्तावित है, जिससे क्षेत्र में रोशनी और सुरक्षा की व्यवस्था बेहतर हो सके।
अधिकारियों ने शहीद की मां जयदेवी, भाई दीपक, नीरज, बहनों और जीजा अवधेश से अलग-अलग बातचीत कर उनकी जरूरतों की जानकारी ली। उन्होंने शहीद के भाई दीपक (बीएससी उत्तीर्ण) और नीरज (आईटीआई) को आगे की पढ़ाई, कौशल विकास और रोजगार उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन की ओर से पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।
जिलाधिकारी ने बताया कि अग्निवीर धीरज गुप्ता की बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर से दूरभाष पर विस्तृत वार्ता की गई है। वार्ता में शहीद के परिजनों को मिलने वाली बीमा राशि, अग्निवीर योजना के अंतर्गत आर्थिक सहायता, एक्स-ग्रेशिया तथा अन्य देय लाभों की स्थिति पर चर्चा हुई। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी आवश्यक दस्तावेज की मांग होने पर जिला प्रशासन भदोही की ओर से तत्काल सैन्य अधिकारियों को उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि परिवार को सहायता मिलने में कोई विलंब न हो।
गांव में प्रशासनिक अधिकारियों के आगमन पर स्थानीय लोगों ने भी शहीद को नमन किया और परिवार के प्रति एकजुटता दिखाई। इस मौके पर पूर्व मंत्री रंगनाथ मिश्रा, जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा, ब्लॉक प्रमुख औराई बृजमोहन मिश्र, उप जिलाधिकारी औराई श्याममणि त्रिपाठी सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।








