कायाकल्प योजना: 25 लाख से संवरेगी प्राथमिक विद्यालय की तस्वीर
ज्ञानपुर। भदोही नगर पालिका क्षेत्र के विस्तारित 28 गांवों में शामिल रामरायपुर प्राथमिक विद्यालय का कायाकल्प किया जाएगा। शासन से विद्यालय के विकास के लिए 25 लाख रुपये की स्वीकृति मिल गई है। इस राशि से इंटरलॉकिंग, पेंटिंग, जल निकासी, प्रकाश व्यवस्था समेत अन्य आवश्यक कार्य कराए जाएंगे। नगर पालिका द्वारा जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराने की तैयारी है।
भदोही नगर पालिका में परिसीमन के बाद वर्ष 2021 में 28 गांव शामिल किए गए थे। इसके बाद वर्ष 2022 के निकाय चुनाव में तीन नए वार्डों का गठन हुआ। शहर में शामिल होने के बावजूद इन गांवों में लंबे समय तक बुनियादी सुविधाओं का विकास नहीं हो सका। अब नगर पालिका की ओर से चरणबद्ध तरीके से मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
इसी क्रम में प्राथमिक विद्यालय रामरायपुर के कायाकल्प के लिए नगर पालिका द्वारा प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया था, जिसे अब स्वीकृति मिल गई है। स्वीकृत बजट से विद्यालय परिसर में इंटरलॉकिंग, पेंटिंग, जल निकासी व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था और स्कूल तक पहुंचने के लिए समुचित मार्ग सहित विभिन्न विकास कार्य कराए जाएंगे।
इस संबंध में भदोही नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी धर्मराज सिंह ने बताया कि रामरायपुर प्राथमिक विद्यालय के कायाकल्प के लिए 25 लाख रुपये का बजट स्वीकृत हुआ है। यह कार्य 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत प्राप्त धनराशि से कराया जाएगा। बजट जारी होते ही कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।
विद्यालय के कायाकल्प से न केवल शैक्षिक वातावरण बेहतर होगा, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।


