26 करोड़ से बहरैची में बनेगा दूसरा मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय
ज्ञानपुर।
भदोही तहसील के बहरैची में मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय के निर्माण को शासन से हरी झंडी मिल गई है। बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा तैयार 26 करोड़ रुपये के स्टीमेट को स्वीकृति मिलने के बाद जिले में आधुनिक शिक्षा ढांचे की दिशा में एक और बड़ा कदम बढ़ाया गया है। यह जनपद का दूसरा मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय होगा, जिसमें शहरी व कॉन्वेंट स्कूलों जैसी सुविधाएं ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को मिलेंगी।
विद्यालय में कक्षा एक से लेकर 12वीं तक की पढ़ाई कराई जाएगी। प्रस्तावित क्षमता के अनुसार यहां लगभग दो हजार विद्यार्थियों का नामांकन किया जाएगा। इससे न सिर्फ बहरैची बल्कि आसपास के दर्जनों गांवों के बच्चों को उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा का लाभ मिलेगा।
जनपद भदोही में वर्तमान समय में कुल 885 प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक एवं कंपोजिट विद्यालय संचालित हैं। बावजूद इसके आधुनिक संसाधनों और तकनीकी शिक्षा की कमी लंबे समय से महसूस की जा रही थी। इसी कमी को दूर करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय योजना लागू की गई है, जिसके तहत जिले की तीनों तहसीलों—औराई, भदोही व ज्ञानपुर—में एक-एक विद्यालय का निर्माण प्रस्तावित है।
औराई ब्लॉक के गिर्दबड़गांव में पहले मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार वहां करीब 50 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। शासन की प्राथमिकता वाली योजना होने के कारण नोडल अधिकारी से लेकर जिलाधिकारी शैलेष कुमार स्वयं प्रत्येक माह निर्माण स्थल का निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा कर रहे हैं।
भदोही तहसील के बहरैची में विद्यालय निर्माण के लिए पहले ही भूमि चिन्हित की जा चुकी थी। अब शासन से स्टीमेट को स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू करने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। संभावना जताई जा रही है कि अप्रैल माह से निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। वहीं ज्ञानपुर तहसील के घरांव में भी पांच से छह एकड़ भूमि का चयन कर लिया गया है, जहां आगामी वर्ष में स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालयों में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इनमें स्मार्ट क्लासरूम, रोबोटिक्स व मशीन लर्निंग की ट्रेनिंग, भाषा प्रयोगशाला, गणित, विज्ञान एवं कंप्यूटर लैब, बहुउद्देश्यीय हॉल, विशाल खेल मैदान, मॉड्यूलर किचन व डाइनिंग हॉल शामिल होंगे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जबकि ऊर्जा बचत के लिए सोलर पैनल की भी व्यवस्था होगी।
बीएसए शिवम पांडेय ने बताया कि मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय जिले की तीनों तहसीलों में बनाए जाने हैं। औराई के गिर्दबड़गांव में निर्माण कार्य प्रगति पर है। बहरैची में अप्रैल से निर्माण शुरू होने की संभावना है, जबकि ज्ञानपुर के घरांव में अगले वर्ष स्वीकृति मिलने के बाद काम शुरू किया जाएगा। बहरैची में बनने वाले विद्यालय पर कुल 26 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
इस योजना के लागू होने से जिले के मेधावी और ग्रामीण क्षेत्र के छात्रों को उच्च स्तरीय शिक्षा के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा और सरकारी विद्यालयों के प्रति लोगों का भरोसा और मजबूत होगा।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

