गंगाजल भरकर निकाली गई भव्य कलश यात्रा, धनेश्वरनाथ महादेव मंदिर में शुरू हुआ प्राण-प्रतिष्ठा अनुष्ठान
कौलापुर।
धनापुर दक्षिणी क्षेत्र स्थित प्राचीन धनेश्वरनाथ महादेव मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर मंगलवार को आस्था और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। अवसर पर गंगाजल से भरी भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें गांव व आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
सुबह डीजे-बाजे और धार्मिक भजनों के साथ कलश यात्रा बिहरोजपुर गंगा घाट से प्रारंभ हुई। यहां श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से गंगाजल भरकर यात्रा का शुभारंभ किया। इसके बाद कलश यात्रा सुजातपुर और धनापुर गांव की गलियों से गुजरते हुए मंदिर प्रांगण तक पहुंची। यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया, वहीं “हर-हर महादेव” के जयघोष से पूरा क्षेत्र शिवमय हो गया।
कलश यात्रा में महिलाओं की विशेष सहभागिता रही। महिलाएं सिर पर जल से भरा कलश रखकर मंगल गीत गाती हुई श्रद्धा भाव से आगे बढ़ती रहीं, जिससे माहौल पूरी तरह भक्तिमय बन गया। युवाओं और बच्चों में भी आयोजन को लेकर खासा उत्साह देखा गया।
मंदिर परिसर में पहुंचने के बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। आचार्यों द्वारा पूजा-अर्चना, हवन और विशेष अनुष्ठान संपन्न कराए गए। आयोजकों के अनुसार प्राण-प्रतिष्ठा के बाद मंदिर में नियमित पूजा-अर्चना और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
आयोजन में रविकांत दुबे, उमाकांत दुबे, लालजी, लालचंद, प्रकाश चंद, सुनील दुबे, मदन, चंद्रकांत, प्रमोद, राकेश, रत्नेश पांडेय, देवेंद्र दुबे, आलोक दुबे सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु व ग्रामवासी मौजूद रहे। श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की भी व्यवस्था की गई थी।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।


