वीबीजी–राम जी से मजदूरों की बढ़ेगी परेशानी, कांग्रेस ने छेड़ा मनरेगा बचाओ संग्राम
ज्ञानपुर।
कांवल गांव में शनिवार को कांग्रेस पार्टी द्वारा मनरेगा बचाओ संग्राम अभियान के तहत एक जन चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल की अध्यक्षता कांग्रेस जिलाध्यक्ष वसीम अंसारी ने की, जबकि कार्यक्रम का संचालन पार्टी के स्थानीय नेताओं ने किया। चौपाल में मनरेगा के तहत कार्य कर रहे मजदूरों, जॉब कार्ड धारकों, महिलाओं एवं ग्रामीणों की बड़ी संख्या में भागीदारी रही।
कार्यक्रम के दौरान मजदूरों ने अपनी समस्याएं खुलकर रखीं। मजदूरों का कहना था कि उन्हें समय पर मजदूरी का भुगतान नहीं मिल पा रहा है। कई मामलों में महीनों तक भुगतान लंबित रहता है, जिससे परिवार का भरण-पोषण मुश्किल हो गया है। इसके अलावा काम की उपलब्धता लगातार घटती जा रही है। कई मजदूरों के जॉब कार्ड में नाम होने के बावजूद उन्हें काम नहीं मिल पा रहा है, जबकि कहीं-कहीं जॉब कार्ड में तकनीकी गड़बड़ी और भ्रष्टाचार की शिकायतें भी सामने आईं।
चौपाल को संबोधित करते हुए कांग्रेस कोऑर्डिनेटर दयाशंकर पांडेय और जिलाध्यक्ष वसीम अंसारी ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की नीतियों के कारण मनरेगा जैसी महत्वाकांक्षी और जनकल्याणकारी योजना अपने उद्देश्य से भटकती नजर आ रही है। उन्होंने कहा कि वीबीजी और राम जी जैसे नए प्रावधानों से मजदूरों की समस्याएं और बढ़ेंगी, क्योंकि इससे काम की उपलब्धता और मजदूरी भुगतान की प्रक्रिया और जटिल हो जाएगी।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मनरेगा केवल एक योजना नहीं, बल्कि ग्रामीण गरीबों के लिए जीवनयापन का सहारा है। यदि इस योजना को कमजोर किया गया तो गांवों से पलायन बढ़ेगा और बेरोजगारी की समस्या और गंभीर हो जाएगी। कांग्रेस पार्टी की स्पष्ट मांग है कि मनरेगा को उसके मूल स्वरूप में बहाल किया जाए, मजदूरों को 200 दिन का रोजगार सुनिश्चित किया जाए, मजदूरी दर में वृद्धि की जाए और भुगतान समयबद्ध तरीके से किया जाए।
पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. राजेंद्र कुमार दूबे ने कहा कि मनरेगा ने वर्षों तक गांवों में गरीब और मजदूर वर्ग को सम्मान के साथ रोजगार दिया है, लेकिन वर्तमान में सरकार की उदासीनता के चलते यह योजना दम तोड़ती नजर आ रही है। मनरेगा बचाओ संग्राम के जिला कोऑर्डिनेटर सुरेश चंद्र मिश्रा और ब्लॉक अध्यक्ष महेश चंद्र मिश्रा ने कहा कि यदि सरकार ने समय रहते ध्यान नहीं दिया तो कांग्रेस पार्टी आंदोलन को और तेज करेगी।
नेताओं ने चेतावनी दी कि आने वाले दिनों में जनपद स्तर पर व्यापक आंदोलन किया जाएगा और जरूरत पड़ी तो प्रदेश नेतृत्व को भी अवगत कराते हुए संघर्ष को और धार दी जाएगी।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष राजेश्वर दुबे, सुबुकतगीन अंसारी, धीरज मिश्रा, नाजिम अली, संतोष धोबी, नितिन सिंह, शक्ति मिश्रा, हर्ष दुबे, संदीप गौतम, मोहन गौतम, फाजिल अंसारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।
