वसंत पंचमी: पांच घंटे के शुभ मुहूर्त में होगी मां सरस्वती की पूजा
ज्ञानपुर।
माघ माह के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को मनाई जाने वाली वसंत पंचमी इस वर्ष 23 जनवरी (शुक्रवार) को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई जाएगी। इस दिन विद्या की देवी मां सरस्वती की पूजा-अर्चना का विशेष महत्व है।
काशी से प्रकाशित श्रीमहावीर पंचांग के अनुसार वसंत पंचमी का पूजन प्रातः 6:56 बजे से दोपहर 12:20 बजे तक किया जाएगा। इस प्रकार श्रद्धालुओं को लगभग पांच घंटे का शुभ मुहूर्त प्राप्त होगा। इस दौरान मां सरस्वती की स्तुति और पूजन करने से विद्या, बुद्धि और ज्ञान की प्राप्ति होती है।
सुरियावां स्थित अनुश्री पीजी कॉलेज में वसंत पंचमी के अवसर पर विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया है, जिसमें मुख्य अतिथि सांसद डॉ. विनोद बिंद शामिल होंगे।
इसके अलावा सुरियावां के नयागंज, सब्जी मंडी, अशोक नगर, नेता नगर एवं चौरी क्षेत्र में सरस्वती पूजा के लिए भव्य पंडाल सजाए जा रहे हैं, जहां श्रद्धालु मां शारदे की प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान से पूजन करेंगे।
भावसिंहपुर डुहिया निवासी आचार्य पं. दीनानाथ शुक्ल ने बताया कि वसंत पंचमी के दिन प्रयागराज महाकुंभ में भी प्रमुख स्नान पर्व होता है, जिसका विशेष धार्मिक महत्व है।
वसंत पंचमी को वसंत ऋतु के आगमन का प्रतीक माना जाता है और यह दिन शिक्षा, कला एवं संस्कृति से जुड़े लोगों के लिए विशेष फलदायी होता है।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

