लिप्पन तिराहे पर अतिक्रमण हटाने पहुंचा बुलडोजर, व्यापारियों के विरोध पर कार्रवाई रोकी गई
भदोही।
नगर में लगातार लग रहे जाम और यातायात अव्यवस्था को देखते हुए प्रशासन ने सड़क चौड़ीकरण की दिशा में सख्त कदम उठाना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में बुधवार को तहसील प्रशासन ने भदोही नगर के लिप्पन तिराहे पर अतिक्रमण हटाने के लिए बुलडोजर चलाया। उपजिलाधिकारी अरुण गिरी की देखरेख में एक मकान के चबूतरे को ध्वस्त किया गया।
कार्रवाई शुरू होते ही स्थानीय व्यापारियों और मकान मालिकों ने इसका विरोध किया। उनका कहना था कि बिना पूर्व सूचना और नोटिस दिए सीधे बुलडोजर चलाया जा रहा है, जो नियमों के खिलाफ है। विरोध बढ़ता देख प्रशासन ने फिलहाल कार्रवाई रोक दी और संबंधित पक्षों को अपनी बात रखने का अवसर देने की बात कही।
उपजिलाधिकारी अरुण गिरी ने बताया कि लिप्पन तिराहा, मेन रोड और स्टेशन रोड पर लंबे समय से अतिक्रमण के कारण सड़कें संकरी हो गई हैं। इसके चलते दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे आमजन के साथ-साथ स्कूली बच्चों, मरीजों और यात्रियों को भारी परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग द्वारा पहले ही सड़क सीमा के भीतर बने अतिक्रमण को चिह्नित कर नोटिस जारी किए जा चुके हैं।
कार्रवाई की जद में आए लोगों ने प्रशासन पर आरोप लगाया कि उन्हें कोई लिखित नोटिस नहीं दी गई। इस पर प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यदि किसी को व्यक्तिगत रूप से नोटिस नहीं मिली है, तो आज की गई कार्रवाई को ही अंतिम नोटिस माना जाए। साथ ही लोगों से अपील की गई कि वे स्वयं अतिक्रमण हटा लें, ताकि आगे कठोर कार्रवाई से बचा जा सके।
प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि तय समय सीमा के बाद दोबारा अभियान चलाया जाएगा और तब किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। नगरवासियों का कहना है कि यदि सड़कें चौड़ी होती हैं तो जाम से बड़ी राहत मिलेगी, लेकिन कार्रवाई पारदर्शी और नियमों के तहत होनी चाहिए।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

