दहेज उत्पीड़न का आरोप: विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला, मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर लगाया हत्या का आरोप
जगतपुर। उतरांव थाना क्षेत्र के मंडौर गांव में बृहस्पतिवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 24 वर्षीय विवाहिता का शव घर के अंदर पंखे से फंदे के सहारे लटका मिला। घटना से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के मायके पक्ष ने दहेज के लिए हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए ससुराल पक्ष के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
2024 में हुई थी शादी, तभी से चल रहा था विवाद
मंडौर गांव निवासी राहुल भारतीय पुत्र राजेश की शादी वर्ष 2024 में भदोही जिले के ऊंज थाना क्षेत्र के ठकुराइन पूरा गांव निवासी अरविंद की बेटी डाली (24) से हुई थी। मायके वालों के अनुसार शादी के कुछ ही समय बाद से दहेज को लेकर डाली को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा था। इस बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
परिजन मजदूरी करने गए, पीछे रह गई थी विवाहिता
परिजनों ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह करीब 11 बजे डाली ने परिवार के साथ खाना खाया। इसके बाद घर के अन्य सदस्य मजदूरी करने चले गए। इसी दौरान डाली घर में अकेली थी। कुछ समय बाद पड़ोस की एक महिला घरेलू गैस सिलिंडर लेने उसके घर पहुंची, तो अंदर का नजारा देख वह सन्न रह गई। विवाहिता का शव पंखे से लटका हुआ था।
ग्रामीणों ने दी सूचना, मौके पर पहुंची पुलिस
महिला ने बाहर आकर शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। ग्राम प्रधान द्वारा तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। कुछ ही देर में उतरांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मायके पक्ष का आरोप: दहेज के लिए की गई हत्या
घटना की सूचना मिलने पर मृतका की मां सैला, भाई सूरज और दादा राजाराम भी मंडौर गांव पहुंच गए। उन्होंने आरोप लगाया कि डाली की हत्या दहेज के लिए की गई है और इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की जा रही है। मायके पक्ष का कहना है कि यदि समय रहते उनकी शिकायतों पर कार्रवाई होती, तो आज डाली की जान बच सकती थी।
फॉरेंसिक टीम और एसीपी ने की जांच
घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। एसीपी हंडिया शेषधर पांडेय ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों से पूछताछ की।
एसीपी हंडिया शेषधर पांडेय ने बताया कि विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला है। मामला दहेज उत्पीड़न से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। सभी तथ्यों की गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद से गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

