सड़क हादसों में घायलों का इलाज नहीं करने वाले निजी अस्पतालों पर सख्ती
मना करने पर रद्द होगा अस्पताल का लाइसेंस : डीएम
ज्ञानपुर।
सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को तत्काल इलाज देने से मना करने वाले निजी अस्पतालों की अब खैर नहीं है। ऐसे अस्पताल संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए उनका लाइसेंस रद्द किया जाएगा। यह निर्देश जिलाधिकारी शैलेश कुमार ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को इलाज से मना करना कानूनन अपराध है। ऐसे मामलों में संबंधित निजी अस्पतालों पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में सेव लाइफ फाउंडेशन द्वारा प्रस्तुत सर्वे रिपोर्ट पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
मार्च से मई तक सबसे ज्यादा हादसे
सर्वे रिपोर्ट के अनुसार इस वर्ष अब तक सड़क दुर्घटनाओं में 121 लोगों की मौत हो चुकी है। रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि मार्च, अप्रैल और मई के महीनों में सड़क हादसों में मौतों की संख्या सबसे अधिक रहती है। इसे देखते हुए इन महीनों में विशेष सतर्कता, चेकिंग और जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया गया।
हाईवे पर साइन बोर्ड व 108 सेवा का प्रचार
विधायकों और जिलाधिकारी ने रोड सेफ्टी एक्शन प्लान को सख्ती से लागू करने की आवश्यकता बताई। हाईवे और प्रमुख मार्गों पर नजदीकी अस्पताल का नाम, दूरी, क्यूआर/बार-कोड तथा 108 एंबुलेंस सेवा से संबंधित डिस्प्ले बोर्ड लगाए जाने के निर्देश दिए गए, ताकि हादसे की स्थिति में समय पर सहायता मिल सके।
पुरानी स्कूली बसों पर लगेगी रोक
डीएम शैलेश कुमार ने एआरटीओ राम सिंह को निर्देश दिए कि 15 वर्ष से अधिक पुरानी स्कूली बसों का संचालन किसी भी सूरत में न होने दिया जाए। इसके अलावा बिना नंबर प्लेट और ओवरलोडिंग वाहनों के खिलाफ सघन अभियान चलाने को कहा गया।
जनवरी में मनाया जाएगा सड़क सुरक्षा माह
एआरटीओ राम सिंह ने बताया कि 1 जनवरी से 31 जनवरी तक सड़क सुरक्षा माह मनाया जाएगा। इस दौरान जनजागरूकता कार्यक्रमों के साथ-साथ ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हाईवे से हटेगा अतिक्रमण
बैठक में जंगीगंज, गोपीगंज, माधोसिंह और औराई क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के नालों के बीच-बीच में हो रहे अतिक्रमण को हटाने के लिए टीम गठित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा, विधायक औराई दीनानाथ भास्कर, विधायक ज्ञानपुर विपुल दूबे, सांसद प्रतिनिधि संजय बिंद, ब्लॉक प्रमुख औराई बृजमोहन मिश्र, पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक, सीडीओ गोबिंद शुक्ल समेत अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

