15 दिन बाद सुबह आठ बजे निकली धूप, पछुआ हवा की थमी रफ्तार
ज्ञानपुर।
जिले में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। शुक्रवार को एक बार फिर अचानक मौसम ने करवट ली, जिससे लंबे समय से ठंड और गलन से परेशान लोगों को कुछ राहत मिली। दिसंबर माह में करीब 15 दिनों के बाद सुबह सात बजे सूर्यदेव के दर्शन हुए और सुबह आठ बजे चटख धूप निकल आई, जो दिनभर बनी रही।
धूप निकलने से दोपहर के समय वातावरण में हल्की गर्माहट महसूस की गई और लोगों को गलन से राहत मिली। बाजारों और सड़कों पर लोगों की आवाजाही बढ़ी, जिससे जनजीवन सामान्य होता नजर आया। हालांकि, शाम ढलते ही आसमान में फिर से बादलों ने डेरा डाल लिया। हवाओं में नमी बढ़ने के कारण ठंड और गलन एक बार फिर महसूस की गई।
बीते तीन दिनों से आसमान में बादल छाए रहने के कारण सुबह और शाम घना कोहरा छाया रहा। कोहरे की वजह से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ था। हाईवे और ग्रामीण सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई थी। गुरुवार की शाम को तो हालात और भी खराब हो गए थे, जब घने कोहरे के चलते दृश्यता लगभग शून्य हो गई थी, जिससे कई स्थानों पर वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
शुक्रवार को मौसम साफ रहने से अधिकतम तापमान में करीब 1.5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। कृषि विज्ञान केंद्र बेजवां के मौसम विशेषज्ञ सर्वेश बरनवाल ने बताया कि शुक्रवार को दिन का अधिकतम तापमान 19.9 डिग्री सेल्सियस और रात का न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आगामी दिनों में पछुआ हवाओं की रफ्तार फिर तेज हो सकती है, जिससे ठंड में इजाफा होने की संभावना है। साथ ही सुबह और शाम के समय कोहरे की स्थिति बनी रहने की संभावना जताई गई है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और ठंड से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

