भीखीपुर के युवक की हिमाचल प्रदेश में करंट लगने से मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हिमाचल प्रदेश में करंट की चपेट में आया भीखीपुर का युवक, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

वहिदानगर।
कोइरौना थाना क्षेत्र के भीखीपुर गांव निवासी महेंद्र कुमार यादव (45) की हिमाचल प्रदेश में करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा 24 दिसंबर को उस समय हुआ जब वह फैक्ट्री में ड्यूटी के दौरान मशीन पर काम कर रहे थे। शुक्रवार को शव गांव पहुंचते ही पूरे परिवार में कोहराम मच गया और गांव का माहौल गमगीन हो गया।

महेंद्र कुमार यादव हिमाचल प्रदेश की एक निजी नट-बोल्ट निर्माण कंपनी में ऑपरेटर के पद पर कार्यरत थे। परिजनों के अनुसार, काम के दौरान अचानक मशीन में करंट फैल गया, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गए। सहकर्मियों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। कंपनी प्रबंधन द्वारा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कराए जाने के बाद पोस्टमार्टम कराया गया। शुक्रवार को एंबुलेंस से शव पैतृक गांव भीखीपुर लाया गया। जैसे ही शव घर पहुंचा, पत्नी सुनीता देवी (40) बदहवास होकर रोने लगीं और सदमे के कारण बार-बार बेहोश हो रही थीं।

मृतक के बड़े पुत्र अनिल यादव (23) और छोटे पुत्र धीरज यादव (20) पिता की मौत से पूरी तरह टूट चुके हैं। दोनों बेटों की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। ग्रामीणों का कहना है कि महेंद्र कुमार यादव परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनकी कमाई से ही घर का खर्च, बच्चों की पढ़ाई और परिवार की जरूरतें पूरी होती थीं।

महेंद्र रोजी-रोटी के लिए वर्षों से बाहर रहकर काम कर रहे थे। अचानक हुए इस हादसे से न सिर्फ परिवार को भावनात्मक आघात पहुंचा है, बल्कि आर्थिक संकट भी गहराता नजर आ रहा है। गांव के लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और मुआवजा देने की मांग की है।

घटना की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। रिश्तेदारों और ग्रामीणों का तांता मृतक के घर लगा हुआ है। हर कोई इस हादसे को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए पीड़ित परिवार को सांत्वना दे रहा है।

Ashu Jha : Bharat Kranti News
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

Leave a Comment

और पढ़ें

Read More Articles