भदोही में लगा पंजीकरण शिविर, 280 रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों का हुआ रजिस्ट्रेशन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

शिविर लगाकर 280 रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों का हुआ पंजीकरण, योजनाओं की दी गई जानकारी

भदोही। नगर के गल्ला मंडी परिसर में सोमवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग तथा उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय पंजीकरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में रेहड़ी, ठेली और पटरी पर व्यवसाय करने वाले छोटे दुकानदारों का पंजीकरण किया गया, साथ ही उन्हें सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन अधिकारी मानवेंद्र सिंह ने बताया कि शिविर का उद्देश्य छोटे कारोबारियों को मुख्यधारा से जोड़ना है, ताकि वे बिना किसी परेशानी के अपने व्यवसाय का संचालन कर सकें। उन्होंने कहा कि पंजीकरण से न केवल खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित होगा, बल्कि दुकानदारों को सरकारी योजनाओं का लाभ भी मिल सकेगा। शिविर में कुल 280 दुकानदारों का पंजीकरण किया गया, जो पांच वर्ष तक वैध रहेगा। इसके बाद समय पर नवीनीकरण कराना आवश्यक होगा।

उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के भदोही जिला अध्यक्ष राधेश्याम गुप्ता ने कहा कि पंजीकृत दुकानदारों को बैंक से ऋण प्राप्त करने में आसानी होती है, जिससे वे अपने छोटे व्यवसाय को आगे बढ़ा सकते हैं। उन्होंने बताया कि पंजीकरण से दुकानदारों की पहचान मजबूत होगी और भविष्य में किसी प्रकार की प्रशासनिक कार्रवाई से भी उन्हें राहत मिलेगी। जो व्यापारी किसी कारणवश इस शिविर में पंजीकरण नहीं करा सके हैं, उनके लिए आगे भी इस तरह के शिविर लगवाने में उद्योग व्यापार मंडल सहयोग करेगा।

शिविर में चाट-पकौड़ी, जूस, पेठा, नमकीन, मिठाई, फल-सब्जी, बिरयानी, लस्सी और गन्ने का जूस बेचने वाले दुकानदारों ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर पंजीकरण कराया। पंजीकरण प्रक्रिया को सरल रखने के कारण दुकानदारों में खासा उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर उद्योग व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष कमलेश जायसवाल, युवा जिला अध्यक्ष सौरभ चौरसिया, आनंद गुप्ता, प्रदीप जायसवाल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Ashu Jha : Bharat Kranti News
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

Leave a Comment

और पढ़ें

Read More Articles