ज्ञानपुर। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा दुकानों को हटाने के लिए जारी नोटिस के विरोध में मंगलवार को व्यापारियों का गुस्सा फूट पड़ा। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के बैनर तले 60 से 70 व्यापारी जिला मुख्यालय पहुंचे और विरोध-प्रदर्शन करते हुए जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों ने सड़क चौड़ीकरण से प्रभावित दुकानदारों के लिए वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराने की मांग की।
बताया गया कि भदोही–ज्ञानपुर मार्ग का चौड़ीकरण कार्य प्रगति पर है। इस परियोजना के तहत ज्ञानपुर नगर क्षेत्र में वर्षों से संचालित दुकानों को हटाने का निर्देश दिया गया है। हाल ही में पीडब्ल्यूडी की ओर से शीतल पाल तिराहे से ज्ञानपुर–दुर्गागंज मार्ग तिराहे तक कुल 122 दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए थे। अचानक नोटिस मिलने से लंबे समय से कारोबार कर रहे दुकानदारों में भय और असमंजस की स्थिति बन गई है।
व्यापार मंडल के अध्यक्ष एवं ज्ञानपुर चेयरमैन डॉ. घनश्याम दास गुप्ता के नेतृत्व में व्यापारी मुख्यालय पहुंचे। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि सड़क चौड़ीकरण जरूरी है, लेकिन इससे प्रभावित व्यापारियों के रोजगार की सुरक्षा भी उतनी ही आवश्यक है। चेयरमैन ने कहा कि रजिस्ट्री कार्यालय परिसर और दीवानी कचहरी के सामने पर्याप्त सरकारी जमीन उपलब्ध है, जहां प्रभावित दुकानदारों को विस्थापित कर व्यवस्थित ढंग से दुकानें आवंटित की जा सकती हैं।
व्यापारियों का कहना था कि यदि बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए दुकानों को हटाया गया तो सैकड़ों परिवारों की आजीविका प्रभावित होगी। ज्ञापन मिलने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि व्यापारियों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और नियमानुसार समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान रंजीत गुप्ता, श्रीकांत जायसवाल, बावनदास हलवाई, रमेश कुमार, लड्डू रावत समेत बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।


