भदोही रेलवे स्टेशन पर पांच ट्रेनें विलंब से पहुंचीं, चार घंटे तक करना पड़ा यात्रियों को इंतजार
भदोही। वाराणसी-जंघई रेलमार्ग पर बुधवार को ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। भदोही रेलवे स्टेशन पर पांच ट्रेनें दो से चार घंटे तक की देरी से पहुंचीं। सबसे अधिक विलंब अमृतसर-हावड़ा पंजाब मेल रही, जो निर्धारित समय से चार घंटे देरी से स्टेशन पहुंची।
छठ पूजा के बाद त्योहार पर घर आए लोगों के महानगरों की ओर लौटने का सिलसिला जारी है। ऐसे में ट्रेनों की देरी से यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्टेशन पर घंटों इंतजार करने के कारण यात्रियों की परेशानी बढ़ गई।
स्टेशन अधीक्षक कोमल सिंह ने बताया कि बुधवार को सबसे अधिक देरी से पहुंचने वाली ट्रेनों में अमृतसर-हावड़ा 13006 पंजाब मेल शामिल रही। यह ट्रेन करीब चार घंटे विलंब से भदोही स्टेशन पहुंची।
इसके अलावा नई दिल्ली-बनारस 15128 काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस 3 घंटे 44 मिनट की देरी से पहुंची। इस ट्रेन के भदोही पहुंचने का निर्धारित समय रात 2:23 बजे है, जबकि बुधवार को यह सुबह 6:07 बजे स्टेशन पहुंची।
इसी तरह लोकमान्य तिलक से बलिया जाने वाली 11071 कामायनी एक्सप्रेस करीब ढाई घंटे विलंब से चली। देहरादून-बनारस 15120 जनता एक्सप्रेस 2 घंटे 26 मिनट की देरी से पहुंची। वहीं, चेन्नई सेंट्रल से छपरा जाने वाली 12669 गंगा-कावेरी एक्सप्रेस भी लंबे समय बाद करीब दो घंटे विलंब से भदोही रेलवे स्टेशन पहुंची।
त्योहार के बाद महानगरों को लौट रहे यात्रियों को ट्रेनों की लेटलतीफी के चलते काफी इंतजार करना पड़ा।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।
