कारपेट एक्सपो के बाद अब भारत टेक्स-2027 पर नजर, भदोही के कालीन कारोबारियों को मिलेगी नई पहचान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कारपेट एक्सपो के बाद अब भारत टेक्स-2027 पर नजर, 31 मार्च से 3 अप्रैल तक होगा आयोजन

भदोही। कारपेट सिटी स्थित एक्सपो मार्ट में 50वां इंडिया कारपेट एक्सपो सफलतापूर्वक संपन्न होने के बाद अब कालीन निर्यात संवर्धन परिषद (सीईपीसी) की निगाहें भारत टेक्स-2027 पर टिकी हैं। अगले वर्ष 31 मार्च से 3 अप्रैल तक आयोजित होने वाले इस अंतरराष्ट्रीय वस्त्र आयोजन में इंडिया कारपेट एक्सपो भी समाहित रहेगा। हालांकि, कालीन उद्योग के लिए अलग से पवेलियन लगाया जाएगा।

सीईपीसी के चेयरमैन कैप्टन मुकेश कुमार गोम्बर ने बृहस्पतिवार को नई दिल्ली लौटने के बाद बताया कि वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद इस बार के इंडिया कारपेट एक्सपो से निर्यातक सदस्यों को संतुष्ट करने में परिषद सफल रही है। उन्होंने इसे सीईपीसी के लिए संतोषजनक उपलब्धि बताया।

भारत टेक्स में अलग से लगेगा कालीन उद्योग का पवेलियन

चेयरमैन ने बताया कि भारत टेक्स की शुरुआत वर्ष 2024 में हुई थी। इसका पहला आयोजन भारत मंडपम और यशोभूमि में किया गया था। इसके बाद से यह आयोजन भारत मंडपम में हो रहा है। अब आगामी भारत टेक्स-2027 में नई दिल्ली में आयोजित होने वाला इंडिया कारपेट एक्सपो भी शामिल रहेगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि इससे भारतीय कालीन उद्योग के कारोबार पर कोई प्रतिकूल असर नहीं पड़ेगा। कालीन उद्योग के लिए अलग पवेलियन की व्यवस्था की जाएगी, जिससे निर्यातक अपने उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के सामने प्रदर्शित कर सकेंगे।

भारत टेक्स की सफलता के लिए देना होगा समय

भारत टेक्स के पिछले तीन आयोजनों के बावजूद भारतीय कालीन निर्यातकों को अपेक्षित लाभ नहीं मिलने के सवाल पर कैप्टन मुकेश कुमार गोम्बर ने कहा कि भारत टेक्स एक बहुत बड़ा मंच है, जो अंतरराष्ट्रीय आयोजनों को टक्कर दे रहा है। अभी इसके केवल तीन संस्करण आयोजित हुए हैं। ऐसे में इसकी सफलता या असफलता का आकलन इतने कम समय में करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि भारत टेक्स को अपनी उपयोगिता साबित करने के लिए और समय दिया जाना चाहिए।

एक्सपो खत्म होने के बाद भी विदेशी खरीदारों का दौरा जारी

भदोही में आयोजित चार दिवसीय इंडिया कारपेट एक्सपो समाप्त होने के बाद भी विदेशी खरीदारों की गतिविधियां जारी हैं। बृहस्पतिवार को डेनमार्क के खरीदारों ने नईबाजार रोड स्थित अहमद अंसारी के प्रतिष्ठान का दौरा किया और वहां उपलब्ध कालीनों व सैंपलों की विभिन्न रेंज का अवलोकन किया।

प्रतिष्ठान के मालिक अहमद अंसारी ने बताया कि भदोही में इंडिया कारपेट एक्सपो के आयोजन का लाभ स्थानीय कालीन कारोबारियों को मिल रहा है। मेले में शामिल होने के लिए आने वाले विदेशी खरीदार अपने संभावित सप्लायरों के प्रतिष्ठानों पर भी पहुंचते हैं। इससे स्थानीय कारोबारियों को अपने उत्पाद दिखाने और व्यापारिक संबंध मजबूत करने का अवसर मिलता है।

उन्होंने बताया कि एक्सपो के दौरान स्टॉल पर प्रदर्शित सैंपलों के जरिए भी विदेशी खरीदारों को आकर्षित किया गया। मेले के समापन के बाद भी खरीदारों का प्रतिष्ठानों पर आना-जाना जारी है। इससे भदोही के कालीन उद्योग को लाभ मिलने की उम्मीद है।

Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

और पढ़ें

Read More Articles