भदोही में रेलवे स्टेशनों तक पहुंचना मुश्किल, सड़कों पर दो फीट गहरे गड्ढे

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रेलवे स्टेशनों तक पहुंचना मुश्किल, सड़कों पर दो फीट गहरे गड्ढे; रोजाना हजारों यात्री परेशान

भदोही। जिले के प्रमुख रेलवे स्टेशनों तक पहुंचने वाले मार्गों की हालत खराब है। कहीं सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बने हैं तो कहीं सड़क निर्माण के बाद दोनों तरफ पटरियां नहीं बनाई गई हैं। इससे यात्रियों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर डेढ़ से दो फीट तक गहरे गड्ढे होने से दोपहिया वाहन चालकों और पैदल यात्रियों के गिरकर चोटिल होने का खतरा बना हुआ है।

जिले में ज्ञानपुर रोड, भदोही, परसीपुर, सुरियावां, माधोसिंह और सरायकंसराय प्रमुख रेलवे स्टेशन हैं। इनमें ज्ञानपुर रोड, भदोही, सुरियावां और परसीपुर स्टेशनों पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री पहुंचते हैं। इन स्टेशनों पर ट्रेनों के आवागमन और ठहराव के कारण दिनभर लोगों की आवाजाही बनी रहती है। इसके बावजूद स्टेशन तक पहुंचने वाले कई मार्गों की स्थिति में सुधार नहीं हो पाया है।

बुधवार को स्टेशन जाने वाले मार्गों की पड़ताल में भदोही रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाली सड़क सबसे खराब मिली। वहीं, ज्ञानपुर रोड स्टेशन तक जाने वाली सड़क का निर्माण होने के बावजूद दोनों तरफ पटरी नहीं बनाई गई है। इससे सड़क और आसपास की जमीन के बीच ऊंचाई का अंतर होने के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।

भदोही स्टेशन मार्ग पर एक किलोमीटर में 80 से 90 गड्ढे

भदोही रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाला मार्ग काफी जर्जर है। नेशनल तिराहे से सिविल लाइन होते हुए पकरी फाटक की तरफ जाने वाली करीब एक किलोमीटर लंबी सड़क पर 80 से 90 बड़े-बड़े गड्ढे हैं। बारिश के बाद इन गड्ढों में पानी भरने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना भी मुश्किल हो जाता है।

इस मार्ग पर बिजली निगम का वर्कशॉप कार्यालय और स्कूल भी स्थित हैं। इसके अलावा सड़क कई गांवों को जोड़ती है। ऐसे में विद्यार्थियों, कर्मचारियों, स्थानीय ग्रामीणों और रेलवे यात्रियों को रोजाना आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञानपुर रोड स्टेशन की सड़क से गायब हैं पटरियां

ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन तक जाने वाली सड़क का निर्माण करीब एक साल पहले कराया गया था। पड़ाव से स्टेशन की तरफ लगभग 500 मीटर लंबी इस आरसीसी सड़क के दोनों किनारों पर पटरी नहीं बनाई गई है।

सड़क की ऊंचाई और किनारों के बीच अंतर होने से वाहन चालकों को परेशानी होती है। स्थानीय स्तर पर इस मार्ग पर दुर्घटनाएं होने की बात भी सामने आई है। सड़क निर्माण के बावजूद किनारों पर उचित व्यवस्था नहीं होने से यात्रियों की मुश्किलें कम नहीं हो सकी हैं।

एक दशक से परसीपुर स्टेशन मार्ग की मरम्मत नहीं

चौरी बाजार में पुराने यूनियन बैंक के पास से निकलने वाली सड़क सीधे परसीपुर रेलवे स्टेशन तक जाती है। इस मार्ग का निर्माण करीब एक दशक पहले हुआ था, लेकिन इसके बाद समुचित मरम्मत नहीं हो सकी।

सड़क पर रोटहा और कोल्हड़ सहित आसपास के गांवों के लोगों की आवाजाही होती है। मार्ग पर प्राथमिक विद्यालय और ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) भी स्थित हैं। सड़क की खराब स्थिति से विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और रेलवे यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।

मरम्मत के इंतजार में स्टेशन जाने वाले रास्ते

जिले के प्रमुख रेलवे स्टेशनों तक पहुंचने वाले मार्गों की बदहाली से प्रतिदिन हजारों यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही है। गड्ढों से भरी सड़कों और अधूरे किनारों के कारण हादसों का खतरा भी बना हुआ है। यात्रियों को राहत देने के लिए इन मार्गों की मरम्मत, गड्ढों को भरने और सड़क के दोनों तरफ आवश्यक पटरी बनाने की जरूरत है।

Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

और पढ़ें

Read More Articles