फर्श पर सो रहे युवक को सांप ने डसा, एंटी स्नेक वेनम के 28 डोज से बची जान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

फर्श पर सो रहे युवक को सांप ने डसा, एंटी स्नेक वेनम के 28 डोज देकर बचाई जान

भदोही। नगर के मर्यादपट्टी में बृहस्पतिवार भोर फर्श पर सो रहे 17 वर्षीय युवक को सांप ने डस लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे महाराजा बलवंत सिंह राजकीय अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने उपचार के दौरान युवक को एंटी-स्नेक वेनम के 28 डोज दिए। उपचार के बाद उसकी हालत में सुधार है। फिलहाल उसे 24 घंटे चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है।

मध्य प्रदेश के रतिया निवासी आकाश कुशवाहा अपने छोटे भाई अभिषेक के साथ भदोही में गोलगप्पे की दुकान चलाता है। दोनों भाई मर्यादपट्टी में पप्पू महाजन के किराये के मकान में रहते हैं। बुधवार रात दोनों भाई फर्श पर सो रहे थे। भोर में सांप ने आकाश की उंगली में डस लिया। उसने तत्काल इसकी जानकारी अपने भाई अभिषेक को दी।

अभिषेक के मुताबिक, वह सुबह करीब पांच बजे आकाश को लेकर महाराजा बलवंत सिंह राजकीय अस्पताल पहुंचा। अस्पताल पहुंचने के समय आकाश की हालत गंभीर थी। उसकी आंखें बंद थीं और मुंह से झाग निकल रहा था। डॉ. आकाश गुप्ता की देखरेख में तत्काल उपचार शुरू किया गया। चिकित्सकों ने स्थिति के अनुसार एंटी-स्नेक वेनम के 28 डोज दिए। इसके बाद धीरे-धीरे उसकी हालत में सुधार होने लगा।

परिजनों के पास मौजूद वीडियो में सांप करैत जैसा प्रतीत हो रहा है। हालांकि सांप की प्रजाति की पुष्टि नहीं हो सकी है। चिकित्सक युवक की हालत पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

जहर के असर के अनुसार बढ़ाया जाता है एंटी वेनम का डोज

डिप्टी सीएमओ डॉ. आरबी पाठक ने बताया कि सांप के जहर के असर और मरीज की स्थिति के अनुसार एंटी-स्नेक वेनम की मात्रा तय की जाती है। जहरीले सांप के काटने पर शुरुआत में 10 डोज दिए जाते हैं। यदि मरीज को अपेक्षित सुधार नहीं मिलता है तो चिकित्सकीय निगरानी में डोज बढ़ाया जाता है। उन्होंने बताया कि करैत, वाइपर और कोबरा जैसे सांप जहरीले और खतरनाक होते हैं।

डॉ. आकाश गुप्ता ने लोगों से अपील की कि सांप के काटने के बाद झाड़-फूंक में समय न गंवाएं। पीड़ित को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाएं, ताकि समय पर उपचार शुरू किया जा सके। उन्होंने बताया कि महाराजा बलवंत सिंह राजकीय अस्पताल में एंटी-स्नेक वेनम उपलब्ध है।

दो माह में 15 लोगों को सांप ने डसा, पांच की मौत

बारिश के मौसम में सांप के डसने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, जिले में बीते दो माह में सांप के डसने के 15 मामले सामने आए। इनमें पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 लोगों की जान बचाई गई।

चौरी क्षेत्र के धनवतिया गांव निवासी 32 वर्षीय प्रतिमा देवी को सांप ने डस लिया था। परिजन अस्पताल ले जाने के बजाय उन्हें पांच स्थानों पर झाड़-फूंक के लिए ले गए। इस दौरान उनकी मौत हो गई। इसी तरह सुरियावां के पट्टीबेजांव में एक बच्चे और महुआपुर में एक महिला की सांप के डसने से मौत हो गई।

समय पर अस्पताल पहुंचने से सुधवैं गांव निवासी 15 वर्षीय किशोरी खुशी यादव की जान चिकित्सकों ने बचा ली थी। वहीं चकप्रेमवीर निवासी मंजू देवी को एक साल में 12वीं बार सांप ने डसा, लेकिन हर बार समय से अस्पताल पहुंचने के कारण उनकी जान बच गई।

सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध है एंटी-स्नेक वेनम

सीएमओ डॉ. संतोष कुमार चक ने बताया कि जिले के सभी सरकारी अस्पतालों में पर्याप्त मात्रा में एंटी-स्नेक वेनम उपलब्ध है। जिले के सभी 17 पीएचसी पर 20-20 वायल, सीएचसी पर 50-50 वायल और जिला अस्पताल में 100 वायल उपलब्ध रखे जाते हैं।

उन्होंने बताया कि एक वायल में पांच डोज इंजेक्शन होता है। सांप के काटने की स्थिति में मरीज को तत्काल सरकारी अस्पताल पहुंचाने पर चिकित्सकों की निगरानी में आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जाता है।

Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

और पढ़ें

Read More Articles