रेलवे कॉलोनी में हादसे का खतरा, जर्जर भवनों के बीच डर के साये में रेलकर्मी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रेलवे कॉलोनी: हादसे का सिग्नल दे रहे जर्जर भवन, डर के साये में रह रहे रेलकर्मी

भदोही। जिले के ज्ञानपुर रोड और भदोही में रेलकर्मियों के लिए बनी रेलवे कॉलोनियों के जर्जर भवन अब हादसे का संकेत दे रहे हैं। भदोही की रेलवे कॉलोनी करीब 60 साल पुरानी है, जबकि ज्ञानपुर रोड की कॉलोनी के भवन करीब 100 साल पुराने बताए जा रहे हैं। बारिश के मौसम में इन भवनों की टपकती छतें और दरकती दीवारें रेलकर्मियों और उनके परिवारों की परेशानी बढ़ा रही हैं।

बुधवार को हमारी टीम ने ज्ञानपुर रोड, भदोही स्टेशन और माधोसिंह स्थित रेलवे कॉलोनियों का जायजा लिया। इस दौरान कई भवनों की स्थिति खराब मिली। कहीं छत जर्जर थी तो कहीं खिड़कियां टूटी हुई थीं। कई भवनों की दीवारों में दरारें भी दिखाई दीं। रेलकर्मी अपनी जरूरत के अनुसार मरम्मत कराकर इन आवासों में रहने को मजबूर हैं।

50 जर्जर क्वार्टरों में रह रहे करीब 80 रेलकर्मी

नेशनल रेलवे मजदूर यूनियन के मंडल उपाध्यक्ष के मुताबिक रेलवे कॉलोनियों में करीब 50 जर्जर क्वार्टर हैं, जिनमें लगभग 80 रेलकर्मी और उनके परिवार के सदस्य रह रहे हैं। जर्जर भवनों के कारण रेलकर्मी हर समय हादसे की आशंका में रहते हैं।

बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है। कई क्वार्टरों की छत से पानी टपकता है। रेलकर्मियों का कहना है कि कई बार पानी घर के अंदर आने से उन्हें खाना बनाने तक में परेशानी होती है।

बुनियादी सुविधाओं का भी अभाव

रेलवे कॉलोनियों के कुछ आवासों में बुनियादी सुविधाओं की कमी भी सामने आई। कुछ क्वार्टरों के बाथरूम में दरवाजे तक नहीं हैं। जर्जर भवनों के साथ सुविधाओं की कमी से रेलकर्मियों के सामने दोहरी परेशानी बनी हुई है।

जिले के दक्षिणी छोर पर पूर्वोत्तर रेलवे और उत्तरी छोर पर उत्तर रेलवे का रूट है। इन मार्गों से प्रतिदिन लंबी दूरी की करीब 35 से 40 ट्रेनें गुजरती हैं। रेल यातायात और स्टेशनों की सुविधाओं के विस्तार के बीच रेलकर्मियों के आवासों की स्थिति पर भी सवाल उठ रहे हैं।

भदोही में 12 नए आवासों का निर्माण

भदोही स्टेशन की स्टेशन अधीक्षक कोमल सिंह ने बताया कि स्टेशन परिसर की रेलवे कॉलोनी करीब 60 साल पुरानी है। जर्जर आवासों को उपयोग में नहीं लाया जा रहा है। 12 नए आवासों का निर्माण कराया जा रहा है। जल्द ही आवासों में रहने वाले रेलकर्मियों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

वहीं, ज्ञानपुर रोड स्टेशन के स्टेशन मास्टर मिथिलेश कुमार ने बताया कि यहां बनी रेलवे कॉलोनी के भवन काफी पुराने हैं। जर्जर भवनों को कंडम घोषित करने की सूचना उच्चाधिकारियों को दी जा चुकी है। कॉलोनी में कुछ कार्य भी कराए गए हैं।

Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

और पढ़ें

Read More Articles