सुरियावां में निर्माणाधीन मकान की शटरिंग गिरी, मजदूर की मौत, एक घायल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सुरियावां में निर्माणाधीन मकान की शटरिंग गिरी, मलबे में दबने से मजदूर की मौत, एक घायल

भदोही। सुरियावां थाना क्षेत्र के जीयनपुर गांव में मंगलवार रात करीब नौ बजे निर्माणाधीन मकान की छत की शटरिंग और लिंटर अचानक भरभराकर गिर गए। हादसे में मलबे में दबने से मजदूर चंद्रेश कुमार उर्फ सभापति (50), निवासी वीरमपुर, की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने ग्रामीणों की मदद से मलबा हटाकर राहत एवं बचाव कार्य किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

ढलाई से पहले लगाई गई थी शटरिंग

एएसपी शुभम अग्रवाल के मुताबिक, जीयनपुर गांव में संतलाल गौतम के मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। मंगलवार को छत की ढलाई के लिए शटरिंग लगाई गई थी। निर्माण कार्य के दौरान अचानक शटरिंग और लिंटर गिर गए, जिससे वहां मौजूद लोग मलबे की चपेट में आ गए।

लिंटर गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े। हादसे में चंद्रेश कुमार उर्फ सभापति पुत्र साहब लाल बिंद मलबे में दब गए। ग्रामीणों और बचाव दल ने काफी प्रयास के बाद उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए।

एक व्यक्ति को आई मामूली चोट

हादसे में बल्लू (40), निवासी बैरीपरवा, को मामूली चोटें आईं। घटना की गंभीरता को देखते हुए एएसपी शुभम अग्रवाल और सीओ भदोही सुमित कुमार त्रिपाठी ने घटनास्थल का जायजा लिया। इस दौरान सुरियावां के अलावा दुर्गागंज और अन्य थानों की पुलिस भी मौजूद रही।

मकान मालिक और ठेकेदार के खिलाफ प्राथमिकी

एएसपी ने बताया कि सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, फायर ब्रिगेड और अन्य थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। मृतक की पत्नी की तहरीर पर ठेकेदार हरिश्चंद्र मौर्य और मकान मालिक संतलाल गौतम के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

और पढ़ें

Read More Articles