अंतिम संस्कार में शामिल होने गए वृद्ध की गंगा में डूबने से मौत, चार घंटे बाद मिला शव
गोपीगंज। गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के बेरासपुर गंगा घाट पर मंगलवार सुबह स्नान के दौरान 75 वर्षीय वृद्ध की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू कराई। करीब चार घंटे बाद सुबह 10 बजे वृद्ध का शव गंगा से बरामद किया गया।
मृतक की पहचान किशुनदेवपुर निवासी पंचलाल यादव (75) के रूप में हुई। वह गांव में हुई एक महिला की मौत के बाद अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए मंगलवार सुबह गंगा घाट पहुंचे थे।
अंतिम संस्कार के लिए पहुंचे थे घाट
बेरासपुर ग्राम प्रधान मिथलेश कुमार के अनुसार, किशुनदेवपुर गांव में सोमवार को बिहसपुर निवासी राजकुमारी मौर्या का निधन हो गया था। मंगलवार सुबह उनका अंतिम संस्कार बिहरोजपुर गंगा घाट पर होना था। पंचलाल यादव भी अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए बिहरोजपुर घाट पहुंचे थे।
बताया गया कि वहां अंतिम संस्कार करने वाले लोग अभी नहीं पहुंचे थे। इसके बाद पंचलाल यादव बेरासपुर गंगा घाट चले गए और वहां स्नान करने लगे। इसी दौरान वह गहरे पानी में चले गए और डूब गए।
महिला ने डूबते हुए देखा
घाट पर मौजूद एक महिला ने पंचलाल यादव को डूबते हुए देख लिया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से गंगा में तलाश शुरू कराई। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद सुबह 10 बजे उनका शव बरामद हुआ।
घाट के किनारे पंचलाल यादव का गमछा, जूता, चश्मा और डंडा पड़ा मिला।
पंचलाल यादव के परिवार में तीन बेटे और एक बेटी हैं। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
प्रभारी निरीक्षक सच्चिदानंद पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।
