गंगा की तेज धारा में बह रहे वृद्ध को दो युवकों ने जान पर खेलकर बचाया
गोपीगंज। कोतवाली क्षेत्र के इब्राहिमपुर गंगा घाट पर रविवार सुबह स्नान के दौरान तेज धारा में बहकर गंगा के बीच पहुंचे 61 वर्षीय वृद्ध को दो स्थानीय युवकों ने साहस दिखाते हुए सुरक्षित बचा लिया। दोनों युवकों ने अपनी जान की परवाह किए बिना छोटी नाव के सहारे वृद्ध तक पहुंचकर उन्हें सुरक्षित किनारे पहुंचाया।
इब्राहिमपुर निवासी रामचन्द्र निषाद (61) रविवार सुबह गंगा स्नान के लिए इब्राहिमपुर घाट पहुंचे थे। स्नान के दौरान अचानक गंगा की तेज धारा उन्हें बहाकर काफी दूर ले गई। देखते ही देखते वह बहते हुए गुलौरी घाट के सामने गंगा की बीच धारा में पहुंच गए और तेज बहाव के बीच फंस गए।
इसी दौरान गुलौरी निवासी अजित निषाद और अशोक निषाद की नजर गंगा में बह रहे रामचन्द्र पर पड़ी। दोनों युवकों ने बिना देर किए घाट पर खड़ी छोटी नाव उठाई और वृद्ध को बचाने के लिए गंगा में उतर गए। तेज धारा के बीच पहुंचकर दोनों ने काफी प्रयास के बाद रामचन्द्र को नाव तक पहुंचाया और उन्हें सुरक्षित किनारे ले आए।
गंगा से बाहर आने के बाद कुछ देर तक रामचन्द्र की हालत खराब रही। हालत में सुधार होने पर उन्होंने दोनों युवकों का हाथ पकड़कर उनका आभार जताया और उन्हें आशीर्वाद दिया। घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों ने रामचन्द्र के परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें अपने साथ घर ले गए।
वृद्ध को बचाने की जल्दबाजी में अजित निषाद मामूली रूप से घायल भी हो गए। इसके बावजूद उन्होंने और अशोक निषाद ने हिम्मत नहीं छोड़ी। दोनों युवकों के साहस और तत्परता से वृद्ध की जान बच गई। स्थानीय लोगों ने भी दोनों युवकों के साहस की सराहना की।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।







