पंखा ठीक करते समय करंट की चपेट में आया युवक, अस्पताल में मौत; दो बेटियों के सिर से उठा पिता का साया
चौरी। थाना क्षेत्र के कछुबा बोझ गांव में रविवार को बिजली का पंखा ठीक करते समय करंट की चपेट में आने से 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और दो बेटियों का पिता था।
कछुबा बोझ गांव निवासी रामचंद्र पटेल का बेटा संदीप (35) वाराणसी जिले के बाबतपुर स्थित एक कंपनी में इलेक्ट्रिशियन के पद पर कार्य करता था। इसके साथ ही वह गांव में अपने घर पर छोटी सी दुकान चलाकर बिजली से संबंधित काम भी करता था।
रविवार को अवकाश होने के कारण संदीप घर पर ही था। दोपहर में वह एक ग्राहक का स्टार्टर ठीक कर रहा था। इसी दौरान पंखे में लगा बिजली का तार एक जगह से कटा होने के कारण वह करंट की चपेट में आ गया। हादसे में संदीप गंभीर रूप से झुलस गया।
परिजन आनन-फानन में उसे इलाज के लिए बनारस के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मचा कोहराम
संदीप अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। संदीप की मौत से उसकी दो बेटियों के सिर से पिता का साया उठ गया। पत्नी प्रियंका देवी और मां चंपा का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना को लेकर शोक का माहौल है।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
थानाध्यक्ष कुलदीप मिश्रा ने बताया कि युवक की करंट लगने से मौत हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।





