दोस्तों के साथ तालाब में नहाने गए नौवीं के छात्र की डूबने से मौत, एक साथी को ग्रामीणों ने बचाया
भदोही। संवरपुर गांव में मंगलवार सुबह दोस्तों के साथ तालाब में नहाने गए नौवीं कक्षा के छात्र की डूबने से मौत हो गई। हादसे में उसके एक साथी को ग्रामीणों ने सुरक्षित बचा लिया। करीब चार घंटे की तलाश के बाद दोपहर में छात्र का शव तालाब से बरामद किया गया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
संवरपुर निवासी सुभाष विश्वकर्मा का 14 वर्षीय बेटा प्रियांशु विश्वकर्मा मंगलवार सुबह करीब आठ बजे पांच दोस्तों के साथ गांव के पार्वती तालाब में नहाने गया था। नहाते समय प्रियांशु और उसका साथी राज विश्वकर्मा गहरे पानी में डूबने लगे। यह देखकर अन्य बच्चे शोर मचाते हुए तालाब से बाहर निकल आए।
इसी दौरान वहां से गुजर रहे पुल्ली विश्वकर्मा ने मौके पर पहुंचकर गमछा फेंककर राज को बाहर निकाल लिया। हालांकि प्रियांशु गहरे पानी में चला गया। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण तालाब में उतरकर उसकी तलाश में जुट गए। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर 12 बजे प्रियांशु का शव बरामद हुआ।
शव मिलते ही मां और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल
प्रियांशु का शव मिलते ही मां रेनु देवी और उसकी बहनें प्रियंका व प्रिया बदहवास हो गईं। प्रियांशु दो बहनों का इकलौता भाई था। उसके पिता सुभाष मुंबई में कारपेंटर का काम करते हैं। बेटे की मौत की सूचना मिलने के बाद वह मुंबई से घर के लिए रवाना हो गए।
प्रियांशु संवरपुर स्थित केशव प्रसाद इंद्रावती देवी इंटर कॉलेज में नौवीं कक्षा का छात्र था। प्रभारी निरीक्षक कुलदीप मिश्र ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
रक्षाबंधन से पहले बुझ गया घर का चिराग
रक्षाबंधन को लेकर परिवार में तैयारियां चल रही थीं। दोनों बहनें अपने इकलौते भाई की कलाई पर राखी बांधने का इंतजार कर रही थीं, लेकिन त्योहार से महज तीन दिन पहले हुए हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। भाई की मौत से दोनों बहनें सदमे में हैं।
स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र के पास है तालाब
जिस पार्वती तालाब में हादसा हुआ, वह प्राथमिक विद्यालय के पास स्थित है। प्रियांशु के घर से प्राथमिक विद्यालय की दूरी करीब 100 मीटर है। ग्रामीणों के मुताबिक गांव के बच्चे पहले से ही तालाब में नहाने जाते रहे हैं। तालाब के पास आंगनवाड़ी केंद्र और प्राथमिक विद्यालय होने से परिजन बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित रहते हैं। हादसे के बाद तालाब की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।