सब्जी लेकर घर लौट रहा था युवक, पैर फिसला और कुएं में गिरकर मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सब्जी लेकर लौट रहे युवक की कुएं में गिरने से मौत, समय पर रेस्क्यू और एंबुलेंस न पहुंचने का आरोप

ज्ञानपुर। कोतवाली क्षेत्र के झींगुरपुर गांव की बिंद बस्ती में शनिवार रात सब्जी लेकर घर लौट रहे 40 वर्षीय रमेश बिंद की कुएं में गिरने से मौत हो गई। हादसा असनांव पुलिस चौकी से करीब 300 मीटर दूर बाभनौटी-ज्ञानपुर मार्ग के किनारे हुआ। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद मौके पर समय से रेस्क्यू टीम और एंबुलेंस नहीं पहुंची, जिसके चलते रमेश को समय रहते अस्पताल नहीं ले जाया जा सका।

रमेश बिंद की पत्नी सितारा देवी के मुताबिक, शनिवार शाम रमेश असनांव बाजार सब्जी खरीदने गए थे। रात करीब साढ़े आठ बजे वह सब्जी लेकर पगडंडी के रास्ते घर लौट रहे थे। इसी दौरान पैर फिसलने से वह सड़क किनारे स्थित पुराने कुएं में जा गिरे।

ग्रामीण साधु बिंद ने बताया कि इस कुएं में पहले मशीन चलती थी, लेकिन कई वर्षों से मशीन बंद है। हादसे के बाद रात करीब 8:32 बजे 112 आपातकालीन सेवा को सूचना दी गई। ग्रामीणों का आरोप है कि काफी देर तक न तो रेस्क्यू टीम पहुंची और न ही एंबुलेंस। इस बीच असनांव चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई।

ग्रामीण लल्लन बिंद कुएं में उतरे और करीब 10 मिनट के प्रयास के बाद रमेश को रात लगभग 9:40 बजे बाहर निकाला गया। एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होने पर परिजन और ग्रामीण निजी वाहन से उन्हें भदोही के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने रमेश को मृत घोषित कर दिया।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय पर रेस्क्यू टीम और एंबुलेंस पहुंच जाती तो रमेश को जल्द अस्पताल पहुंचाया जा सकता था और शायद उनकी जान बच सकती थी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है। ग्रामीणों ने सड़क किनारे खुले और पुराने कुएं को लेकर भी चिंता जताते हुए सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है।

Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

और पढ़ें

Read More Articles