असम में भदोही के सीआरपीएफ जवान बृजेश मौर्य की मौत, कसियापुर गांव में पसरा मातम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

असम में भदोही के सीआरपीएफ जवान की मौत, कसियापुर गांव में पसरा मातम

भदोही। जिले के कसियापुर गांव निवासी सीआरपीएफ जवान बृजेश मौर्य (22) का शनिवार को असम में निधन हो गया। बृजेश की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों और ग्रामीणों को जवान के पार्थिव शरीर के गांव पहुंचने का इंतजार है।

परिजनों के अनुसार, बृजेश मौर्य का करीब छह माह पूर्व सीआरपीएफ में चयन हुआ था। चयन के बाद वह प्रशिक्षण के लिए असम गए थे। प्रशिक्षण के दौरान दो दिन पूर्व अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें तेज बुखार हो गया। इसके बाद उनका उपचार कराया गया, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ। उपचार के दौरान ही उनकी मौत हो गई।

दो भाइयों में छोटे थे बृजेश

बृजेश अपने परिवार में दो भाइयों में छोटे थे। कम उम्र में ही देश की सेवा के लिए सीआरपीएफ में चयन होने से परिवार और ग्रामीणों को उन पर गर्व था। उनकी अचानक मौत की खबर ने सभी को स्तब्ध कर दिया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जवान की मौत की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण उनके घर पहुंचने लगे। लोगों ने परिजनों को ढांढस बंधाया और दिवंगत जवान के निधन पर गहरा दुख जताया।

ग्रामीणों ने जताया शोक

गांव के भरतराज सिंह, अनिल श्रीवास्तव, कमला बिंद और ग्राम प्रधान भृगुराज सिंह समेत अन्य लोगों ने बृजेश मौर्य के निधन पर शोक जताया। ग्रामीणों ने कहा कि बृजेश ने कम उम्र में ही देश की सेवा के लिए सीआरपीएफ में कदम रखा था। उनका इस तरह असम में निधन होना बेहद दुखद है।

गांव पहुंचे प्रभारी निरीक्षक

घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रभारी निरीक्षक अश्वनी त्रिपाठी भी कसियापुर गांव पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि बृजेश मौर्य का पार्थिव शरीर देर रात तक गांव पहुंचने का अनुमान है। पार्थिव शरीर पहुंचने के बाद अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

जवान की मौत से कसियापुर गांव में मातम का माहौल है। हर कोई परिवार के दुख में शामिल होकर उन्हें सांत्वना दे रहा है।

संवाददाता | भारत क्रांति न्यूज

Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

और पढ़ें

Read More Articles