दीक्षारम्भ कार्यक्रम में नवप्रवेशी विद्यार्थियों को महाविद्यालय की गतिविधियों और योजनाओं की दी जानकारी
भदोही। नगर स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी राजकीय महाविद्यालय में मंगलवार को नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं के स्वागत एवं मार्गदर्शन के लिए दीक्षारम्भ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को महाविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण, अनुशासन, परीक्षा प्रणाली, छात्रवृत्ति, खेलकूद, एनएसएस, रोवर्स-रेंजर्स और प्लेसमेंट सहित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. माया ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि महाविद्यालय में पढ़ाई के साथ-साथ विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और सामाजिक जिम्मेदारियों को समझने पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है।
आईक्यूएसी प्रभारी डॉ. रविंद्र कुमार पांडेय ने विद्यार्थियों को महाविद्यालय की प्रवेश प्रक्रिया, परीक्षा प्रणाली, शैक्षणिक गतिविधियों और अनुशासित वातावरण के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहने और महाविद्यालय के नियमों का पालन करने का आह्वान किया।
छात्रवृत्ति प्रभारी डॉ. सुजीत कुमार सिंह ने शासन द्वारा संचालित विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं के बारे में बताया। उन्होंने छात्रवृत्ति के लिए आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज और निर्धारित समय सीमा की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को समय से आवेदन करने के लिए प्रेरित किया।
क्रीड़ा प्रभारी बृजेश कुमार ने महाविद्यालय में आयोजित होने वाली विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ उनमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास करते हैं।
रोवर्स-रेंजर्स प्रभारी डॉ. अनीश कुमार मिश्रा ने रोवर्स-रेंजर्स की गतिविधियों से विद्यार्थियों को परिचित कराया। उन्होंने बताया कि इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में सेवा भावना, आत्मनिर्भरता, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अंकिता तिवारी ने राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों और सामाजिक सरोकारों पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को एनएसएस के तहत आयोजित होने वाले शिविरों, जागरूकता कार्यक्रमों एवं सामाजिक सेवा गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को भी समझना चाहिए।
डॉ. अमर कृष्ण यादव ने महाविद्यालय के प्लेसमेंट सेल की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को रोजगार और करियर से संबंधित विभिन्न अवसरों के बारे में बताया तथा पढ़ाई के साथ अपने कौशल को विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. रित्विक रंजन सिंह, पूनम द्विवेदी, डॉ. अमित तिवारी और बृजेश कुमार ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। वक्ताओं ने नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं को महाविद्यालय के वातावरण में सहज होकर अध्ययन करने और उपलब्ध शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया।
अंत में प्राचार्या प्रो. माया ने सभी नवप्रवेशी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रुस्तम अली ने किया। इस दौरान महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नवप्रवेशी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।
