भाभी के मायके वालों ने भाई-भांजे को पीटा, आठ पर केस दर्ज
स्थानीय कस्बे में पारिवारिक विवाद ने शनिवार को हिंसक रूप ले लिया। भाई की ससुराल पक्ष के लोगों पर घर में घुसकर मारपीट, गाली-गलौज और तोड़फोड़ करने का आरोप लगा है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आठ नामजद आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कस्बा निवासी राकेश मोदनवाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके बड़े भाई सुरेश मोदनवाल की शादी वर्ष 2004 में बस्ती शहर निवासी बबीता से हुई थी। आरोप है कि सुरेश मानसिक रूप से कमजोर हैं, जिसका फायदा उठाकर उनकी पत्नी आए दिन विवाद और मारपीट करती रहती थी।
राकेश के अनुसार, 22 मई की शाम किसी घरेलू बात को लेकर सुरेश और उनकी पत्नी बबीता के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसके बाद बबीता ने अपने मायके पक्ष के लोगों को फोन कर बुला लिया। शाम करीब छह बजे राजू, जितेंद्र, धर्मेंद्र, शिवकुमार मोदनवाल, सावित्री देवी, अनुराधा, संतकबीरनगर जनपद के मेहदावल निवासी गुंजा तथा सोनू उर्फ बृजेश घर पहुंच गए।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि सभी लोग आक्रोशित होकर घर में घुस आए और सुरेश मोदनवाल की पिटाई शुरू कर दी। जब परिवार के अन्य लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया तो भांजे बंटी को भी मारपीट कर घायल कर दिया गया। आरोप यह भी है कि हमलावरों ने घर और दुकान में रखे सामान को नुकसान पहुंचाया और जमकर हंगामा किया।
घटना के बाद परिवार में दहशत का माहौल है। पीड़ित पक्ष ने आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्ण कुमार गुप्त ने बताया कि तहरीर के आधार पर आठ लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।




