शॉर्ट सर्किट से लगी आग, गृहस्थी का सामान जलकर राख
भदोही। कोइरौना थाना क्षेत्र के बनकट ऊपरवार गांव में बुधवार दोपहर करीब 1:30 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बिजली के शॉर्ट सर्किट से अचानक आग लग गई। आग गांव निवासी रामजी गुप्ता के रिहायसी दालान में लगी और तेज धूप व गर्म हवाओं के चलते कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया।
आग की लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े। लोगों ने बाल्टी, पाइप और मोटर के सहारे आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। देखते ही देखते चार मड़हे और टीन शेड की दालान आग की चपेट में आ गए।
इस हादसे में गृहस्थी का लगभग सारा सामान जलकर राख हो गया। आग से भूसा, उपली, दो साइकिल, दो चौकी, चार चारपाई, टेबल फैन, बिस्तर सहित दैनिक उपयोग की कई वस्तुएं नष्ट हो गईं। इसके अलावा घर के आसपास लगे चार आम के पेड़, नीम, नींबू, अमरूद, कटहल और शीशम समेत कई पेड़ भी जल गए।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्राम प्रधान रामकैलाश तिवारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के साथ आग बुझाने में जुट गए। सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम भी गांव पहुंची। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। ग्रामीणों की तत्परता और फायर ब्रिगेड की मदद से आग को आसपास के घरों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है। ग्रामीणों के अनुसार आग से परिवार को भारी नुकसान हुआ है। घटना के बाद गांव में देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।







