सोलर पैनल चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, मुठभेड़ में तीन आरोपी गिरफ्तार
सीतामढ़ी (भदोही)।
कोइरौना थाना क्षेत्र के पैगहां गांव के पास मंगलवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली से पांच हजार रुपये का इनामी बदमाश संदीप यादव घायल हो गया, जबकि उसके दो अन्य साथियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल बदमाश की पहचान प्रयागराज जनपद के बिलारी गांव निवासी संदीप यादव के रूप में हुई है। उसके साथ प्रयागराज के भेलसी गांव निवासी जयप्रकाश यादव और एक 17 वर्षीय किशोर को पुलिस ने दबोच लिया। घायल संदीप यादव को इलाज के लिए डीघ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
गश्त के दौरान हुआ आमना-सामना
कोइरौना थानाध्यक्ष रामनगीना यादव ने बताया कि मंगलवार रात करीब एक बजे वह पुलिस टीम के साथ बारीपुर नहर के पास गश्त कर रहे थे। इसी दौरान सीतामढ़ी की ओर से एक बाइक पर सवार तीन युवक आते दिखाई दिए। जब पुलिस ने उन्हें रोकने का इशारा किया तो वे बाइक की रफ्तार बढ़ाकर भागने लगे।
मोबाइल टीम को सूचना देने के बाद पीछा किया गया। इसी दौरान बाइक पर पीछे बैठे 17 वर्षीय किशोर ने पुलिस पर फायर झोंक दिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बीच में बैठे संदीप यादव के पैर में गोली लग गई। गोली लगते ही बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में गिर गई, जिसके बाद तीनों बदमाशों को पुलिस ने पकड़ लिया।
हथियार और औजार बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक यामाहा बाइक, 12 बोर का तमंचा, एक खोखा, एक जिंदा कारतूस, प्लास, पेचकस और चाकू बरामद किया है।
कई जिलों में फैला है आपराधिक नेटवर्क
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि तीनों आरोपी लूट, छिनैती और चोरी की घटनाओं को अंजाम देते रहे हैं। घायल बदमाश संदीप यादव के खिलाफ प्रयागराज, मिर्जापुर और भदोही के विभिन्न थानों में लूट, छिनैती और चोरी के कुल 12 मुकदमे दर्ज हैं।
एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि आरोपी पड़ोसी जिले के रहने वाले हैं और भदोही के सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय होकर आपराधिक घटनाओं को अंजाम देते थे।
बदमाशों ने बदला अपराध का ट्रेंड
एसपी अभिमन्यु मांगलिक के अनुसार, पकड़े गए बदमाशों का एक संगठित गिरोह है। पहले यह गिरोह एटीएम कार्ड बदलकर ठगी, लूट और छिनैती करता था। हंडिया पुलिस द्वारा गिरोह के एक सदस्य की गिरफ्तारी के बाद इन्होंने अपराध का तरीका बदल लिया।
अब यह गिरोह सरकारी दफ्तरों और घरों में लगे सोलर पैनलों की चोरी करने लगा था। चोरी किए गए सोलर पैनलों को बाजार में कम दाम पर बेचकर आपस में रकम बांट ली जाती थी। कोइरौना थाना क्षेत्र में हुई सोलर पैनल चोरी की दो घटनाओं में शामिल होने की बात आरोपियों ने स्वीकार की है।
10 महीनों में 20 मुठभेड़
एसपी ने बताया कि अप्रैल 2025 से अब तक जिले में पुलिस और बदमाशों के बीच 20 मुठभेड़ हो चुकी हैं। इन मुठभेड़ों में 21 बदमाश घायल हुए हैं, जबकि 40 बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। ये सभी हत्या, लूट, डकैती, दुष्कर्म समेत अन्य गंभीर अपराधों में शामिल रहे हैं।
संदीप यादव हिस्ट्रीशीटर
पुलिस के अनुसार, पांच हजार के इनामी बदमाश संदीप यादव हंडिया थाने का हिस्ट्रीशीटर है। जयप्रकाश यादव पर भी चोरी, छिनैती और लूट के पांच मुकदमे दर्ज हैं, जबकि पकड़े गए किशोर पर दो आपराधिक मामले दर्ज हैं।
सोलर पैनल चोरी बन रही नया सिरदर्द, सीमावर्ती इलाकों में बढ़ी घटनाएं
पुलिस जांच में सामने आया है कि पकड़ा गया गिरोह लंबे समय से जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में सक्रिय था। बदमाश खासतौर पर ऐसे सरकारी दफ्तरों, स्कूलों और ग्रामीण घरों को निशाना बना रहे थे, जहां सोलर पैनल खुले में या कम सुरक्षा के बीच लगे होते हैं। रात के समय रेकी कर यह गिरोह योजनाबद्ध तरीके से सोलर पैनल निकालकर बाइक से फरार हो जाता था।
स्थानीय पुलिस के अनुसार, सोलर पैनल चोरी के मामलों में अचानक आई बढ़ोतरी के पीछे यही गिरोह जिम्मेदार था। चोरी किए गए पैनलों को प्रयागराज और मिर्जापुर के कबाड़ी बाजारों में औने-पौने दामों पर बेच दिया जाता था। इससे मिले पैसों को गिरोह के सदस्य आपस में बांट लेते थे।
पुराने अपराधियों ने बदला तरीका
एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि पहले यह गिरोह एटीएम कार्ड बदलकर ठगी, लूट और छिनैती करता था। पुलिस की सख्ती और लगातार कार्रवाई के बाद बदमाशों ने कम जोखिम वाला अपराध समझकर सोलर पैनल चोरी को अपना नया जरिया बना लिया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरोह के सदस्य अलग-अलग जिलों में पहचान छुपाकर वारदात को अंजाम देते थे, जिससे उनकी गिरफ्तारी मुश्किल हो जाती थी।
पुलिस की सख्ती से अपराधियों में खौफ
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लगातार मुठभेड़ों और गिरफ्तारियों से बदमाशों में डर का माहौल है। पिछले 10 महीनों में हुई 20 मुठभेड़ों ने अपराधियों की कमर तोड़ दी है। पुलिस अब सोलर पैनल चोरी से जुड़े अन्य गिरोहों की भी कुंडली खंगाल रही है।
लोगों से की गई अपील
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे घरों और संस्थानों में लगे सोलर पैनलों की सुरक्षा सुनिश्चित करें। संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत स्थानीय थाने को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।
