रजिस्टर रखरखाव में लापरवाही पर सख्त रुख, एसडीएम के पेशकार को कारण बताओ नोटिस
भदोही।
अपर आयुक्त विंध्याचल मंडल राजकुमार द्विवेदी ने बुधवार को भदोही तहसील एवं नगर पालिका परिषद कार्यालय का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने तहसील परिसर में पहुंचे फरियादियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को सभी प्रार्थना पत्रों का नियमानुसार एवं समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।
अपर आयुक्त ने तहसीलदार न्यायालय, न्यायिक तहसीलदार न्यायालय, उप जिलाधिकारी (एसडीएम) न्यायालय, एसडीएम (न्यायिक) न्यायालय सहित विभिन्न न्यायिक एवं राजस्व पटलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि प्रकरणों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कार्यप्रणाली में पारदर्शिता एवं जवाबदेही अनिवार्य है।
निरीक्षण के समय एसडीएम न्यायालय में यह पाया गया कि ऑफलाइन प्राप्त कई आवेदनों को शासन के निर्देशानुसार पोर्टल पर दर्ज नहीं किया गया है। इस पर अपर आयुक्त ने कड़ी नाराजगी जताते हुए अभिलेखों के समुचित रख-रखाव न होने, फाइलों के अव्यवस्थित पाए जाने तथा मिसलेनियस रजिस्टर का संधारण न किए जाने को गंभीर प्रशासनिक चूक बताया। मामले में एसडीएम के पेशकार आलोक दीक्षित को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया गया है।
अपर आयुक्त ने एसडीएम एवं तहसीलदार को निर्देश दिए कि पांच वर्ष से अधिक समय से लंबित सभी राजस्व एवं न्यायिक प्रकरणों की सूची तैयार कर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारित किया जाए, ताकि आमजन को समय पर न्याय मिल सके।
इसके बाद नगर पालिका परिषद कार्यालय का निरीक्षण करते हुए अपर आयुक्त ने साफ-सफाई व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, अभिलेखों का रखरखाव, कर वसूली की स्थिति तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को नगर की मूलभूत सुविधाओं में सुधार लाने और शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम अरुण गिरी, बरखा सिंह, तहसीलदार मिश्री सिंह चौहान, अधिशासी अधिकारी धर्मराज सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।
