पेड़ पर लटका मिला युवक का शव, हत्या की आशंका
चौरी (भदोही)।
बरैला गांव में बुधवार की सुबह नीम के पेड़ से युवक का शव लटका मिलने की सूचना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गांव निवासी अरविंद गौतम (20 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना की जानकारी होते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर पहुंची चौरी पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव मिलने की खबर मिलते ही मृतक के परिजन मौके पर पहुंच गए, जहां परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। ग्रामीणों की मदद से परिजनों को संभाला गया।
ग्रामीणों के अनुसार, अरविंद मुंबई की एक निजी कंपनी में नौकरी करता था और कुछ दिनों पहले ही घर आया था। बताया जा रहा है कि उसका अपनी ननिहाल में रहने वाली एक युवती से प्रेम संबंध था और वह उससे विवाह करना चाहता था, लेकिन परिवार की सहमति न मिलने के कारण वह परेशान चल रहा था। इसी वजह से घटना को लेकर हत्या की आशंका भी जताई जा रही है।
मृतक अपने माता-पिता का सबसे बड़ा बेटा था। उसके दो छोटे भाई और दो बहनें हैं। बड़े बेटे की असामयिक मौत से पूरा परिवार सदमे में है। गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और लोग घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। प्रभारी निरीक्षक रामसरीख गौतम ने बताया कि अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद से गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।
