महिला को धमकी देने वाले हिस्ट्रीशीटर पर दर्ज हुई प्राथमिकी
ज्ञानपुर। क्षेत्र के महजूदा गांव में महिला को धमकी देने का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के आदेश पर हिस्ट्रीशीटर राजेश सिंह के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। कार्रवाई से गांव में चर्चा का माहौल है।
पीड़िता पूर्णिमा सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया था कि आरोपी उनके घर के सामने जबरन अतिक्रमण कर रहा था। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी का आपराधिक इतिहास होने के कारण वह लंबे समय से भय के माहौल में रह रही थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू की। जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। प्रभारी निरीक्षक मनीष द्विवेदी ने बताया कि आरोपी राजेश सिंह एक घोषित हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उस पर गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई हो चुकी है और जिला बदर की कार्रवाई भी पहले की जा चुकी है।
पुलिस का कहना है कि महिला की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है और आरोपी के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही गांव में किसी भी प्रकार की अराजकता या दबंगई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस लगातार मामले पर नजर बनाए हुए है और शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

